Haryana Cabinet: हरियाणा विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार अप्रत्याशित जीत हासिल करने के बाद नायाब सिंह सैनी की ताजपोशी गुरुवार को हुई। सैनी के शपथ ग्रहण समारोह में समुदाय और जाति के समीकरणों को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को 13 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। हरियाणा के नए मंत्रिमंडल में दलित, ब्राह्मण और जाट समुदाय से दो-दो विधायक, चार ओबीसी, एक राजपूत, एक पंजाबी और एक बनिया शामिल हैं। हरियाणा सरकार में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 14 मंत्री हो सकते हैं। महिपाल ढांडा, जो पिछले मंत्रिमंडल से अपनी सीट बरकरार रखने वाले दो भाजपा नेताओं में से एक हैं, को शामिल किया गया।
भाजपा के दिग्गज नेता अनिल विज, जिन्हें पहले नायब सैनी मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया था, इस बार जगह पाने वाले एकमात्र पंजाबी है। छह बार के विधायक कृष्ण लाल पंवार और दो बार के विधायक कृष्ण बेदी नायब सैनी 2.0 सरकार में दलित चेहरे हैं। ब्राह्मण समुदाय से दो बार के लोकसभा सांसद अरविंद शर्मा और पलवल विधायक गौरव गौतम को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।
गौरतलब है कि 8 अक्टूबर को आए विधानसभा चुनाव के नतीजों में राज्य की 90 सीटों में भाजपा को 48 सीटें हासिल हुई हैं, जो कि बहुमत के जादुई आंकड़े (46 सीटें) से ज्यादा है। जबकि कांग्रेस को 37 सीटें हासिल हुई हैं। इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) को दो सीटें मिली हैं। वहीं तीन निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। राज्य में चुनाव 5 अक्टूबर को आयोजित किया गया था।