उत्तर भारत में प्रचंड गर्मी का प्रकोप, पारा 40 के पार, अगले एक हफ्ते तक नहीं मिलेगी राहत
By भाषा | Published: May 30, 2019 12:12 PM2019-05-30T12:12:40+5:302019-05-30T12:19:56+5:30
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक दिल्ली में लू चलने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिन में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सापेक्ष आर्द्रता 41 प्रतिशत दर्ज की गई।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘शहर के कुछ हिस्सों में लू चलने के साथ ही तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है।’’ मौसम विभाग ने अगले सात दिन तक लू चलने का अनुमान जताया है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
वहीं, भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड और ओडिशा में लू का प्रकोप अगले दो-तीन दिन तक जारी रहेगा।