देश में कोरोना वायरस से लड़ाई में वैक्सीनेशन अहम है। बावजूद इसके कई लोग वैक्सीन लगवाने को लेकर काफी डरे हुए हैं। खासतौर पर देश के ग्रामीण इलाकों से लगातार ऐसी खबरें आ रही हैं, जिसमें लोग वैक्सीनेशन से बचने का प्रयास कर रहे हैं। अब एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक बुजुर्ग महिला वैक्सीनेशन के डर से घर के अंदर ड्रम के पीछे छिप जाती है। बड़ी संख्या में लोग इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के एटा में स्वास्थ्यकर्मी डोर-टू-डोर जाकर लोगों को वैक्सीन लगा रहे थे। इसी दौरान स्थानीय विधायक सरिता भदौरिया भी साथ थीं। विधायक ने कई घरों में जाकर लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया, लेकिन एक बुजुर्ग महिला वैक्सीन का नाम सुनकर डर गई।
ड्रम के पीछे छिप गई महिला
ड्रम के पीछे छिपी महिला को एक शख्स आवाज लगाता है और कहता है कि अम्मा कहां छिपी हो, वैक्सीनेशन वाले आए हैं। इसके बाद बुजुर्ग महिला हाथ जोड़कर वैक्सीन लगवाने से मना करती है और कहती है कि उसे बुखार आ जाएगा। हालांकि काफी कोशिश के बाद बुजुर्ग महिला को वैक्सीन नहीं लगाने की शर्त पर बाहर आने के लिए मनाया जाता है।
पहले भी आ चुके हैं मामले
यह पहला मामला नहीं है जब वैक्सीनेशन को लेकर लोगों में भ्रांतियां हैं। पिछले महीने उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में वैक्सीन नहीं लगवाने के लिए कुछ लोग नदी में कूद गए थे। वहीं एक अन्य घटनाक्रम में कुछ लोग स्वास्थ्यकर्मियों के पीछे डंडे लेकर भागे थे।