हरियाणा विधानसभा चुनाव-2019 के आज (24 अक्टूबर) नतीजे आ जाएंगे। मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हो गए हैं। मतगणना के शुरू होने से एक दिन पहले जननायक जनता पार्टी के प्रमुख दुष्यंत चौटाला ने एक ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने लिखा था, ''युवाओं की मेहनत ने देखो इतिहास बदल दिया, किसान-कमेरे का काफिला चंडीगढ़ चल दिया।'' इस ट्वीट के कई मायने हैं। कहा जा रहा है कि काउंटिंग के एक दिन पहले दुष्यंत चौटाला का ये ट्वीट उनके चुनाव में जीत की ओर इशारा कर रहे हैं।
मतगणना के शुरू होने के बाद भी दुष्यंत चौटाला ने बीजेपी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बयान दिया था। उन्होंने कहा है कि उनके पास हरियाणा के सत्ता की चाभी है। दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि ना कांग्रेस और ना ही बीजेपी 40 सीटों पर जीत पाएगी। इस बार सत्ता की चाभी जननायक जनता पार्टी के हाथ में ही होगी।
राज्य के 90 विधानसभा क्षेत्रों में 21 अक्टूबर को चुनाव हुए थे। हरियाणा में सोमवार को 68 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया था जो 2014 में हुए विधानसभा चुनाव की तुलना में कुछ कम था। उस वर्ष 76.54 प्रतिशत मतदान हुआ था।