बिहार: वैशाली में गलवान के शहीद के पिता के साथ पुलिस बर्बरता से नाराज हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीएम नीतीश कुमार से की बात
By एस पी सिन्हा | Published: March 1, 2023 04:35 PM2023-03-01T16:35:56+5:302023-03-01T16:38:49+5:30
बिहार के वैशाली में गलवान के शहीद के पिता के साथ पुलिस द्वारा मारपीट किए जाने और गिरफ्तार किए जाने के मामले को लेकर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी नाराजगी जताई है। उन्होंने नीतीश कुमार से इस पूरे मुद्दे पर बात की।
पटना: गलवान घाटी में चीन के सैनिकों के साथ झड़प में शहीद हुए जय किशोर सिंह के पिता की पुलिस पिटाई और गिरफ्तारी को लेकर बिहार में सियासी बवाल मचा है। इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से फोन पर बात कर नाराजगी जताई है। उन्होंने शहीद के पिता के साथ हुई कथित पुलिस बर्बरता पर नीतीश कुमार से पूरे मामले की जानकारी ली और अपनी नाराजगी व्यक्त की।
इस बीच पुलिस ने कहा है कि गलवान घाटी की घटना में जान गंवाने वाले सैनिक के पिता की गिरफ्तारी मामले को बिहार के पुलिस महानिदेशक द्वारा गंभीरता से लेते हुए एक टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए गए हैं। इस मामले में यदि कोई पुलिस पदाधिकारी या फिर कर्मी दोषी पाया जाएगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। कहा जा रहा है कि शहीद के बने स्मारक वाली भूमि को लेकर विवाद चल रहा है।
वैशाली के जंदहा के रहने वाले जय किशोर सिंह गलवान में चीन के साथ हुई झड़प में शहीद हो गए थे। इसके बाद उनके पिता और ग्रामीणों ने मिलकर गैर मजरूआ आम (सरकारी) जमीन पर उनका एक स्मारक बनवाया था। जहां ग्रामीणों के साथ जिला प्रशासन ने उन्हें सम्मान दिया था। अब उसी जमीन के विवाद को लेकर पुलिस शहीद के पिता का कथित तौर पर अपमान किया है।
पुलिस पर आरोप है कि शहीद के पिता की पहले पिटाई की और फिर उनको गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद घटना से गुस्साए लोग शहीद स्मारक के पास जमा हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपना रोष व्यक्त किया।