कांग्रेस ने मोदी सरकार पर सिक्किम की आपदा को अनदेखा करने का आरोप लगाया, कहा- 'PM मोदी चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं'

By शिवेन्द्र कुमार राय | Published: October 10, 2023 04:28 PM2023-10-10T16:28:35+5:302023-10-10T16:30:38+5:30

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने प्रेस कान्फ्रेंस कर मोदी सरकार पर सिक्किम की आपदा को अनदेखा करने का आरोप लगाया। कांग्रेस सांसद ने कहा कि सिक्किम के लोग पूछ रहे हैं कि NDRF की टीम को प्रभावित इलाकों में पहुंचने में देरी क्यों हो रही है?

Congress accuses Modi government of ignoring Sikkim disaster | कांग्रेस ने मोदी सरकार पर सिक्किम की आपदा को अनदेखा करने का आरोप लगाया, कहा- 'PM मोदी चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं'

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई (फाइल फोटो)

Highlightsकांग्रेस ने मोदी सरकार पर लगाए सिक्किम को अनदेखा करने का आरोपपूछा- मोदी सरकार सिक्किम की जमीन पर सक्रिय क्यों नहीं है?एनडीएआरएफ की टीमें पहुंचने में देरी की बात भी कही

नई दिल्ली: कांग्रेस ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर सिक्किम में आई बाढ़ और उससे मची तबाही को अनदेखा करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने प्रेस कान्फ्रेंस कर मोदी सरकार पर अपना ध्यान आपदा में सहायता करने के बजाय चुनावों पर देने का आरोप लगाया।

कांग्रेस सांसद ने कहा, "सिक्किम के लोग पूछ रहे हैं कि NDRF की टीम को प्रभावित इलाकों में पहुंचने में देरी क्यों हो रही है? उत्तर सिक्किम में 14 पुल टूट चुके हैं, वहां के लोग आज अंधकार में जीने को मजबूर हैं। उत्तर सिक्किम सीमा के उस पार चीन बैठा है, वो हर दिन जमीन हथियाने में लगा रहता है, तब भी मोदी सरकार तत्पर नहीं दिखती है। मोदी सरकार का एक भी वरिष्ठ मंत्री आज तक सिक्किम नहीं गया, गृह मंत्री के पास समय नहीं है और PM मोदी तो चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं।"

गौरव गोगोई ने आगे कहा, "सिक्किम में आई प्राकृतिक आपदा से लोग परेशान हैं लेकिन शायद उनकी आवाज मोदी सरकार तक नहीं पहुँच पा रही है। सिक्किम में प्राकृतिक आपदा से करीब 25000 लोग प्रभावित हैं। करीब 7600 लोग बेघर हो चुके हैं, 80 लोगों की जान जा चुकी है और लगभग 3000 पर्यटक फंसे हुए हैं। सिक्किम में करीब 28 राहत शिविरों में 6800 लोग रह रहे हैं। NH-10 क्षतिग्रस्त हो चुका है और सेना के 8 जवानों के शव भी मिले हैं। सबका एक ही सवाल है- आखिर मोदी सरकार सिक्किम की जमीन पर सक्रिय क्यों नहीं है?"

बता दें कि इस बीच केंद्र द्वारा सिक्किम भेजे गए दल के सदस्यों ने सोमवार को राज्य के उन इलाकों का दौरा किया जो अचानक आई बाढ़ से तबाह हो गए हैं।  इस बाढ़ के कारण कम से कम 70 लोगों की मौत हो चुकी है और लापता 80 लोगों की तलाश अब भी जारी है। भारतीय वायुसेना ने उत्तरी सिक्किम में फंसे 350 से अधिक पर्यटकों को बचाया। 

सिक्किम सरकार ने बताया कि बुधवार को बादल फटने के कारण तीस्ता नदी में अचानक आई बाढ़ में 36 लोगों की मौत हुई है। वहीं, निकटवर्ती पश्चिम बंगाल के उत्तरी क्षेत्र के प्रशासन ने कहा कि अब तक 41 शव बरामद हुए हैं। तीस्ता नदी सिक्किम और पश्चिम बंगाल से होकर बांग्लादेश में जाती है। अधिकारियों ने आगाह किया कि दोनों राज्यों द्वारा बताए गए आंकड़े में कुछ दोहराव हो सकता है। जलपाईगुड़ी जिले के अधिकारियों ने बताया कि दो सैन्यकर्मियों के शव नदी में बहकर बांग्लादेश चले गए और पड़ोसी देश के अधिकारियों ने ये सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को सौंप दिए। सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसएसडीएमए) ने रात आठ बजे के अपने बुलेटिन में बताया कि सिक्किम के पाकयोंग जिले में सबसे अधिक 24 लोगों की मौत हुई, जिनमें सेना के 10 जवान भी शामिल हैं।

Web Title: Congress accuses Modi government of ignoring Sikkim disaster

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे