क्या मंगल राज में पुलिसकर्मियों की हत्या हो रही?, राबड़ी देवी ने सीएम नीतीश कुमार से कहा-होली में 22 को मार डाला

By एस पी सिन्हा | Updated: March 17, 2025 15:42 IST2025-03-17T15:33:36+5:302025-03-17T15:42:54+5:30

राबड़ी देवी ने कहा कि सरकार के लोग कहते हैं कि बिहार में सुशासन की सरकार है तो उन्हें बताना चाहिए कि सुशासन कहां है?

bihar police patna Rabri Devi told CM Nitish Kumar policemen murdered in Mangal Raj 22 people murdered during Holi | क्या मंगल राज में पुलिसकर्मियों की हत्या हो रही?, राबड़ी देवी ने सीएम नीतीश कुमार से कहा-होली में 22 को मार डाला

file photo

Highlightsक्या मंगल राज में पुलिसकर्मियों की हत्या हो रही है।सोच लिजिए कि हर महीने कितने लोगों की हत्या बिहार में हो रही है?आम जनता का हाल क्या होगा, हर कोई जान रहा है।

पटनाः बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों की सोमवार को 10वें दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले राज्य में बढ़ते अपराध को मुद्दा बनाकर विपक्ष सदन के बाहर और भीतर सरकार को घेरने की कोशिश की। विधान परिषद की कार्यवाही शुरू होने से पहले मुख्य गेट के बाहर राजद के सदस्यों ने विरोधी दल की नेता राबड़ी देवी के नेतृत्व में हाथों में बैनर पोस्टर लेकर नारेबाजी की और अपराध के मुद्दे पर सरकार को पूरी तरह से विफल करार दिया। विधान पार्षदों का कहना था कि बिहार में अगर मंगल राज है तो ठीक है, क्या मंगल राज में पुलिसकर्मियों की हत्या हो रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि सरकार नाम की कोई चीज नहीं है, अपराधी बेलगाम हो गए हैं। राबड़ी देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बेगूसराय से कोई डीएसपी ज्योति कुमारी दरभंगा गई है, वह गांव वालों को पीट रही है और हमारे यहां लोग गुहार लगाने आ रहे हैं। विधान परिषद में विरोधी दल की नेता राबड़ी देवी ने कहा कि होली के दौरान राज्यभर में 22 लोगों की हत्या की गई है।

तो सोच लिजिए कि हर महीने कितने लोगों की हत्या बिहार में हो रही है? राबड़ी देवी ने कहा कि सरकार के लोग कहते हैं कि बिहार में सुशासन की सरकार है तो उन्हें बताना चाहिए कि सुशासन कहां है? छोटी-छोटी बेटियों की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी जाती है। जब राज्य में दारोगा और सिपाही मारे जा रहे हैं तो आम जनता का हाल क्या होगा, हर कोई जान रहा है।

सरकार ने जिन लोगों को सुरक्षा करने का जिम्मा दिया है उन्ही लोगों की हत्या हो रही है तो आम लोगों का भगवान ही मालिक है। कहते हैं कि बिहार में सुशासन की सरकार है तो इस तरह की घटनाएं क्यों हो रही हैं? राबड़ी देवी ने सरकार पर तंज करते हुए कहा कि बिहार में अब मंगलराज है, पहले जंगल राज था तो उसमें इस तरह का काम नहीं होता था। जंगलराज में दारोगा सिपाही नहीं मराता था। लेकिन अब मंगलराज है और मंगलराज में दारोगा और सिपाही की हत्या हो रही है।

पुलिसकर्मियों पर हुए हमलों और एएसआई की हत्या को लेकर विपक्ष ने किया बिहार विधानसभा में जमकर हंगामा, लहराए पोस्टर

बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के 10वें दिन सोमवार को विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। प्रश्नकाल की शुरुआत होते ही विपक्ष के विधायक सदन में अपनी बात रखना चाहते थे। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने इसकी अनुमति नहीं दी और प्रश्नकाल की शुरुआत की।

लेकिन बिहार के अलग-अलग जिलों में होली के दौरान पुलिसकर्मियों पर हुए हमलों और एएसआई की हत्या को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर नजर आया। विपक्षी दलों के विधायकों ने सदन में पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। विपक्ष ने “खून की होली खेली गई!” का नारा लगाया। प्रदर्शनकारियों ने नीतीश सरकार को बिहार में बढ़ते अपराधों के लिए जिम्मेदार ठहराया।

सदन में बढ़ते हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने मार्शल को विपक्षी विधायकों के हाथ से पोस्टर छीनने का आदेश दिया। मार्शल ने विपक्ष के विधायकों के हाथ से पोस्टर छीन लिए। पोस्टरों पर लिखा था- “बिहार में हर दिन लूट, हत्या और बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं।” एक पोस्टर में नीतीश कुमार के हाथ में तलवार भी दिखाई गई थी।

इसके साथ ही कब्रिस्तान की घेराबंदी के मुद्दे पर विपक्षी सदस्यों ने नीतीश सरकार को घेरा। सिकटा विधायक वीरेंद्र गुप्ता ने इसे लेकर सदन में सवाल किया। इसके बाद कई विपक्षी सदस्यों ने सदन में जमकर नारेबाजी की। अपना विरोध दर्शाने के लिए सदस्यों ने सदन से वॉक आउट किया। हालांकि करीब 2 मिनट के बाद ही सदस्य वापस सदन में आ गए।

लेकिन इस दौरान माले के एक विधायक अपने दल के अन्य विधायकों की तरह सदन से वॉक आउट नहीं किए तो सत्ता पक्ष के सदस्य हैरान हो गए। विपक्ष के वॉक आउट के ठीक बाद रामबली सिंह यादव ने अपन सवाल पूछना शुरू किया। इस पर उन्हें टोकते हुए मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि ओ रामबली बाबू, आपके दल के सारे सदस्य सदन से वॉक आउट कर चुके हैं।

क्या आप अपने दल से अलग हो चुके हैं? सरकार के साथ हैं। उनकी इस टिप्पणी पर रामबली सिंह यादव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ये दल की रणनीति है। सरकार से सड़क से सदन तक हिसाब-किताब लेना है। इस पर सदन में जोरदार ठहाके लगने लगे। इसी बीच विपक्ष ने अररिया और पूर्णिया में पुलिस पर हमला का मुद्दा उठाया।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा समय पर अपनी बात उठाइएगा। भाकपा-माले विधायक अपनी बात कह रहे थे, इसी दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सदन से उठ कर चले गए। वहीं, भाजपा विधायक अरुण शंकर प्रसाद ने अपने क्षेत्र से जुड़े एक मामले में कहा कि अपराधियों के साथ नरम व्यवहार और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार।

उन्होंने कहा कि कहा कि अपराधियों के साथ नरम व्यवहार और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार। यह कैसी पीपुल फ्रेंडली पुलिसिंग है। वहीं होली के दौरान तेजप्रताप यादव का ₹4,000 का चालान काटे जाने का मामला भी सदन में उठा। राजद विधायक मुकेश रौशन ने सरकार पर “दोहरे कानून” का आरोप लगाते हुए कहा कि “वन पर्यावरण मंत्री बिना पॉल्यूशन सर्टिफिकेट के घूम रहे हैं।

भाजपा नेता बिना हेलमेट के चलते हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। वहीं, भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने तेजप्रताप पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी सामंती मानसिकता को जनता चुनाव में कुचल देगी। मंत्री नितिन नवीन ने भी तंज कसा, “क्या तेजस्वी यादव अब भी मानते हैं कि प्रशासन सिर्फ कठपुतली की तरह नाचने के लिए है?”

Web Title: bihar police patna Rabri Devi told CM Nitish Kumar policemen murdered in Mangal Raj 22 people murdered during Holi

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे