असम के विस्वनाथ जिले के चाराली में एक मुस्लिम बुजुर्ग के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कहा जा रहा है कि उसके साथ ऐसा इसलिए किया गया है कि वह गोमांस बेच रहा था। हालांकि इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना सात अप्रैल की बताई जा रही है। इस घटना के संबंध में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने ट्वीट कर दुख व्यक्त किया है।
उन्होंने 68 वर्षीय शौकत अली नाम के बुजुर्ग का वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, मैं कई लोगों को जानता हूं जो पिछले 5 वर्षों में लिंचिंग की घटनाओं के चलते निराशा महसूस करते हैं। हर वीडियो मुझे गुस्सा दिलाता है और दुखी करता है। यह अप्रासंगिक है कि असम में गोमांस वैध है, लेकिन एक निर्दोष बूढ़े व्यक्ति को पीटना पूरे देश में अवैध है।
असदुद्दीन ओवैसी ने जिस वीडियो को ट्वीट किया है उसमें शौकत अली नाम का बुजुर्ग घुटनों के बल पर बैठा हुआ है और उसके आस-पास भीड़ जमा दिखाई दे रही है। वायरल वीडियो में भीड़ द्वारा उससे पूछा जा रहा है कि गोमांस क्यों बेच रहा है और क्या उसके पास ऐसा करने का लाइसेंस है?