अरुणाचल प्रदेश में सीएम नीतीश को झटका, जदयू के सात में से छह विधायक भाजपा में शामिल
By सतीश कुमार सिंह | Updated: December 25, 2020 20:55 IST2020-12-25T18:29:19+5:302020-12-25T20:55:25+5:30
अरुणाचल प्रदेश में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बड़ा झटका भाजपा ने दिया है। सात में से छह विधायक पार्टी छोड़ कर भगवा दल में शामिल हो गए।

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के सात में से छह विधायक सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए हैं। (file photo)
ईटानगरः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अरुणाचल प्रदेश में बड़ा झटका लगा है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के सात में से छह विधायक सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए हैं।
इसके साथ ही पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल (पीपीए) के लिकाबाली निर्वाचन क्षेत्र से विधायक करदो निग्योर भी भगवा दल में शामिल हो गए हैं।। राज्य विधान सभा द्वारा जारी बुलेटिन में कहा गया। 26 नवंबर को जेडीयू ने "पार्टी विरोधी" गतिविधियों के लिए सियनग्जू, खर्मा और टाकू को कारण बताओ नोटिस जारी किए थे और उन्हें निलंबित कर दिया था।
कांग्रेस और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के चार-चार सदस्य हैं
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जेडीयू ने 2019 के विधानसभा चुनावों में 15 में से सात सीटें जीतीं और भाजपा के बाद दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी, जिसने 41 सीटें हासिल की थीं। भाजपा के पास अब 60 सदस्यीय सदन में 48 विधायक हैं, जबकि जदयू के पास अब केवल एक है। कांग्रेस और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के चार-चार सदस्य हैं।
रमगोंग विधानसभा क्षेत्र के तालीम तबोह, चायांग्ताजो के हेयेंग मंग्फी, ताली के जिकके ताको, कलाक्तंग के दोरजी वांग्दी खर्मा, बोमडिला के डोंगरू सियनग्जू और मारियांग-गेकु निर्वाचन क्षेत्र के कांगगोंग टाकू भाजपा में शामिल हो गए हैं।
इसपर अभी हम लोगों की मीटिंग है, वो अलग हो गया है: बिहार CM नीतीश कुमार, अरुणाचल प्रदेश में JDU के 6 विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर pic.twitter.com/6CnC6rc6JA
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 25, 2020
जदयू ने 26 नवम्बर को सियनग्जू, खर्मा और टाकू को ‘‘पार्टी विरोधी’’ गतिविधियों के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया था और उन्हें निलंबित कर दिया था। इन जद (यू) के छह विधायकों ने इससे पहले पार्टी के परिष्ठ सदस्यों को कथित तौर पर बताए बिना तालीम तबोह को विधायक दल का नया नेता चुन लिया था।
पीपीए विधायक को भी क्षेत्रीय पार्टी ने इस महीने की शुरुआत में निलंबित कर दिया था। अरुणाचल प्रदेश के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीआर वाघे ने कहा, ‘‘ हमने पार्टी में शामिल होने के उनके पत्रों को स्वीकार कर लिया है।’’
कांग्रेस ने असम में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में विधायक को निष्कासित किया
कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में असम की विधायक अजंता नेओग को शुक्रवार को प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अजंता के निष्कासन को स्वीकृति प्रदान की। असम की पूर्व मंत्री अजंता के भाजपा में शामिल होने की अटकले में लगाई जा रही हैं। इन्हीं अटकलों के बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बृहस्पतिवार को उन्हें नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था।