खुलासा: धोनी ने खुद दी थी बीसीसीआई को 7 करोड़ वाले A+ ग्रेड की सलाह, फिर ऐसे हुए बाहर

विनोद राय ने यह भी बताया कि विराट ने खुद सीओए के सामने यह बात रखी है कि धोनी का स्थान फिलहाल कोई और नहीं ले सकता।

By विनीत कुमार | Published: March 18, 2018 03:53 PM2018-03-18T15:53:51+5:302018-03-18T15:57:27+5:30

vinod rai says bcci top category a plus was proposed by dhoni and kohli | खुलासा: धोनी ने खुद दी थी बीसीसीआई को 7 करोड़ वाले A+ ग्रेड की सलाह, फिर ऐसे हुए बाहर

महेंद्र सिंह धोनी

googleNewsNext

नई दिल्ली, 18 मार्च: बीसीसीआई की प्रशासकीय समिति (सीओए) के प्रमुख विनोद राय ने महेंद्र सिंह धोनी को नए कॉन्ट्रेक्ट सिस्टम में टॉप ग्रेड में नहीं रखे जाने को लेकर नया खुलासा किया है। विनोद राय ने कहा है कि पूर्व कप्तान धोनी खुद चाहते थे कि टॉप ग्रेड में भारत के टॉप परफॉर्मर्स को रखा जाए। नए करार में कप्तान विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन, भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह को 7 करोड़ वाले  A+ ग्रेड में रखा गया है जबकि धोनी इससे बाहर हैं। उन्हें सलाना 5 करोड़ वाले A ग्रेड में रखा गया है।

विनोद राय ने बताया,  'A+ ग्रेड की सलाह खिलाड़ियों की ओर से ही आई थी। हमने इस ग्रेड के बारे में कोहली और धोनी से चर्चा भी की थी। उन्होंने ही ये प्रस्ताव दिया था कि एक ऐसी ग्रेड होनी चाहिए जिसमें सबसे बेहतरीन और तीनो फॉर्मेट में खेलने वाले खिलाड़ियों को शामिल किया जाए।' (और पढ़ें: हसीन जहां का नया खुलासा, 'फेसबुक पर पोस्ट करने से पहले सौरव गांगुली को किया था फोन')

विनोद राय के मुताबिक दोनों खिलाड़ी चाहते थे कि A+ कैटेगरी ऐसी होनी चाहिए जिससे भारतीय क्रिकेट में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले का संकेत मिले। बकौल विनोद राय, 'ये ऐसी कैटेगरी है जिसमें खिलाड़ी कभी शामिल तो कभी बाहर किए जा सकते हैं। यह एक तरह से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों के लिए इनाम है।'

यही नहीं, विनोद राय ने कोहली और धोनी के आपसी रिश्तों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, 'उनका सौहार्दपूर्ण रिश्ता लाजवाब है। इसमें एक-दूसरे के प्रति सम्मान है। विराट जहां धोनी के क्रिकेट में सूझबूझ का सम्मान करते हैं वहीं धोनी भी बतौर खिलाड़ी कोहली जो उपलब्धि हासिल करते जा रहे हैं, उसका सम्मान करते हैं।' (और पढ़ें: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अपनी टीम के व्यवहार पर जताया खेद, खिलाड़ियों को दी चेतावनी)

विनोद राय ने यह भी बताया कि विराट ने खुद सीओए के सामने यह बात रखी है कि धोनी का स्थान फिलहाल कोई और नहीं ले सकता। विनोद राय के अनुसार, 'कोहली को लगता है कि धोनी विकेट के पीछे जिस तरह की तेजी दिखाते हैं, फिलहाल वह कोई नहीं कर सकता। साथ ही धोनी का लंबा अनुभव भी कोहली के लिए फायदेमंद है। जहां तक ये सवाल है कि धोनी में कितनी क्रिकेट अभी बाकी है, तो इसका फैसला समय और उनका प्रदर्शन करेगा।'

विनोद राय ने साथ ही कहा कि जहां तक बीसीसीआई के करार सिस्टम की बात है तो इसका सबसे ज्यादा फायदा घरेलू क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों को हुआ है, जो अब 20 से 22 लाख हर साल कमा सकते हैं। विनोद राय के मुताबिक पहले ये 10 से 11 लाख तक सीमित था। विनोद राय ने कहा कि इस सिस्टम के कारण अब खिलाड़ी केवल अपने खेल पर ध्यान दे रहे हैं। (और पढ़ें: निदाहास ट्रॉफी: सनथ जयसूर्या ने बांग्लादेशी टीम को कहा 'थर्ड क्लास', फिर डिलीट कर दिया ट्वीट!)

Open in app