क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी, आईपीएल सीजन-15 भी खेल सकते हैं महेंद्र सिंह धोनी

महेंद्र सिंह धोनी विश्व कप-2019 के बाद से कोई भी मैच नहीं खेल हैं। फैंस उन्हें 19 सितंबर से शुरू होने जा रहे आईपीएल सीजन-13 में जल्द खेलते देखेंगे...

By राजेन्द्र सिंह गुसाईं | Published: August 12, 2020 3:17 PM

Open in App

महेंद्र सिंह धोनी के फैंस के लिए खुशखबरी है। चेन्नई सुपरकिंग्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कासी विश्वनाथन के मुताबिक माही यही नहीं, बल्कि आईपीएल सीजन-15 में भी खेलते दिख सकते हैं। 

विश्वनाथन को लगता है कि उनके करिश्माई खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी 2021 और 2022 इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहेंगे।

विश्व कप-2019 के बाद से कोई मुकाबला नहीं खेले माही

धोनी पिछले साल विश्व कप सेमीफाइनल के बाद से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेले हैं और 39 वर्षीय खिलाड़ी के आगामी आईपीएल से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की उम्मीद है जो 19 सितंबर से 10 नवंबर तक संयुक्त अरब अमीरात में खेला जायेगा।

विश्व कप-2019 के बाद से महेंद्र सिंह धोनी कोई मुकाबला नहीं खेले हैं।

क्या बोले कासी विश्वनाथन

विश्वनाथन ने इंडियाटुडे डॉट इन से कहा, ‘‘हमें एम एस धोनी के दोनों (2020 और 2021 आईपीएल) में हिस्सा होने की उम्मीद है और शायद इसके अगले साल 2022 में भी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे मीडिया से ही अपडेट मिल रहा है कि वह झारखंड में इंडोर नेट में ट्रेनिंग कर रहे हैं। लेकिन हमें कप्तान के बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है। हम उसके बारे में बिलकुल चिंता नहीं करते। वह अपनी जिम्मेदारियों को जानता है और वह अपनी और टीम की देखभाल कर लेगा।’’

इंडिया सीमेंट्स के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक और चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) फ्रेंचाइजी के मालिक एन श्रीनिवासन ने जनवरी में कहा था कि धोनी को 2021 आईपीएल की नीलामी में टीम द्वारा बरकरार रखा जायेगा।

लगाई जा रही धोनी के संन्यास पर अटकलें

पिछले साल विश्व कप के बाद से धोनी के भविष्य को लेकर अटकलों का दौर जारी था क्योंकि उन्हें भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने केंद्रीय अनुबंध नहीं दिया था। धोनी को अपने गृहनगर रांची में झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के इंडोर स्टेडियम में अभ्यास करते हुए देखा गया था।

सीएसके ने अपने बेस में 16 से 20 अगस्त तक छोटा सा ट्रेनिंग शिविर लगाने की योजना बनायी है। टीम के 21 अगस्त को यूएई रवाना होने की उम्मीद है और विश्वनाथन ने पुष्टि की कि सभी खिलाड़ी 14 अगस्त को चेन्नई में इकट्ठा होंगे।

महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल के सफल कप्तानों में से एक हैं।

महेंद्र सिंह धोनी का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन

महेंद्र सिंह धोनी 90 टेस्ट की 144 पारियों में 16 बार नाबाद रहते 4876 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 6 शतक, 33 अर्धशतक और 1 दोहरा शतक जड़ा है। बात अगर 350 वनडे मैचों की करें, तो इसमें 84 बार नाबाद रहते हुए धोनी 10773 रन बना चुके हैं। एकदिवसीय मैचों में माही 10 सेंचुरी और 73 फिफ्टी लगा चुके हैं। वहीं टी20 के 98 मुकाबलों में 2 अर्धशतक की मदद से 1617 रन बना चुके हैं।

आईपीएल में शानदार करियर

धोनी का प्रदर्शन आईपीएल में भी शानदार रहा है। इसके 190 मैचों में उन्होंने 65 बार नाबाद रहते हुए 23 अर्धशतक की मदद से 4432 रन बनाए हैं। धोनी अपनी कप्तानी में सीएसके को तीन खिताब दिला चुके हैं।

(भाषा इनपुट के साथ)

टॅग्स :एमएस धोनीइंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल)चेन्नई सुपर किंग्सआईपीएल 2020

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या