एशिया कप: धोनी बने मेंस क्रिकेट में भारत के सबसे उम्रदराज कप्तान, ये रोचक रिकॉर्ड भी हुए माही के नाम

अफगानिस्तान के खिलाफ इस मैच से जुड़ा रोचक तथ्य ये रहा कि महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर बतौर कप्तान मैदान पर उतरे।

By विनीत कुमार | Published: September 26, 2018 6:55 PM

Open in App

नई दिल्ली, 26 सितंबर:एशिया कप-2018 के सुपर-4 में अफगानिस्तान भले ही मंगलवार को भारत को हराने में नाकाम रहा लेकिन मैच का नतीजा उसके लिए जीत से कम भी नहीं था। अफगानिस्तान ने भारत को इस मैच में टाई पर रोकते हुए साबित किया कि भविष्य में वह और कड़ी चुनौती पेश करने के लिए तैयार है। हालांकि, भारत इस मैच में कुछ दिग्गज खिलाड़ियों के बगैर उतरा था और इसका फायदा भी अफगानिस्तान ने उठाया।

बहरहाल, इस मैच से जुड़ा रोचक तथ्य ये भी रहा कि महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर बतौर कप्तान मैदान पर उतरे। इसके साथ ही वह भारत के लिए पुरुष क्रिकेट में वनडे में कप्तानी करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गये। इसके साथ ही कुछ और रोचक रिकॉर्ड्स भी अपने नाम किये। यहां देखिए पूरी लिस्ट...

1. धोनी मेंस क्रिकेट में वनडे में भारत के सबसे उम्रदराज कप्तान बन गये। रोहित शर्मा की गैरहाजिरी में पूरे मैच में कप्तानी करने उतरे धोनी ने 37 साल और 80 दिन की उम्र में कप्तानी की। इसके साथ ही उन्होंने मोहम्मद अजहरुद्दीन को पीछे छोड़ा। अजहर ने 26 साल और 124 दिन की उम्र में आखिरी बार भारत के लिए कप्तानी की थी। हालांकि, मेंस और विमेंस क्रिकेट को मिलाकर देखें तो धोनी वनडे में भारत के दूसरे सबसे उम्रदराज कप्तान बने हैं। भारत की ओर से वनडे में सबसे उम्रदराज कप्तान का रिकॉर्ड डायना एडल्जी के नाम है। डायना ने आखिरी बार 1993 में 37 साल 184 दिन की उम्र में भारत के लिए कप्तानी की थी।

2. धोनी भारत के लिए वनडे में 200 मैचों में कप्तानी करने वाले पहले खिलाड़ी बन गये। धोनी 696 दिन के बाद भारत के लिए एक बार फिर कप्तानी करने उतरे। इसके साथ ही धोनी ने अजहर का रिकॉर्ड तोड़ा। अजहरुद्दीन ने 174 वनडे मैचों में भारत के लिए कप्तानी की है। वहीं, सौरव गांगुली ने 1999 से 2005 के बीच 146 मैचों भारत के लिए कप्तानी की है।

3. धोनी दुनिया के तीसरे ऐसे खिलाड़ी बन गये हैं जिन्होंने वनडे में किसी टीम के लिए 200 बार कप्तानी की है। धोनी से पहले न्यूजीलैंड के स्टीफन फ्लेमिंग और ऑस्ट्रेलिया के रिकी पॉन्टिंग ये कारनामा कर चुके हैं। 

4. धोनी सबसे ज्यादा टाई मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी बन गये हैं। उनके नाम बतौर कप्तान 5 टाई मैच हैं। वहीं, रिची रिचर्डसन, स्टीव वॉ, शॉन पॉलक के नाम तीन-तीन टाई मैच हैं।

टॅग्स :एशिया कपएमएस धोनीसौरव गांगुलीराहुल द्रविड़

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या