यामी गौतम हर साल दिवाली के त्यौहार को बड़े उत्साह से मनाती हैं. इस अवसर पर वह अपने होमटाउन चंडीगढ़ भी जाती हैं. अपने करियर की खातिर मुंबई में रहने वाली यामी हमेशा की तरह इस बार भी दिवाली पर चंडीगढ़ गई थीं, लेकिन परिवार में एक दुखदायी घटना के कारण वह इस बार दिवाली नहीं मना पाईं.
एक इंटरव्यू में यामी ने बताया कि वह दिवाली के लिए दो दिन का ब्रेक लेकर चंडीगढ़ स्थित अपने घर पहुंची थीं. उन्हें इस फेस्टिवल का बेसब्री से इंतजार था, लेकिन दिवाली पर उनके एक करीबी रिश्तेदार का निधन हो गया. यामी ने कहा, ''इस दुखभरी घड़ी में हम सभी गमगीन थे और इस वजह से इस बार दिवाली नहीं मनाई जा सकी.''
उन्होंने बताया कि वह और उनका परिवार पूरे समय रिश्तेदार के परिवार के साथ ही थे, जिसके बाद वह मुंबई लौट आईं. यामी गौतम इन दिनों फिल्म 'बाला' के प्रमोशन में बिजी हैं. 7 नवंबर को रिलीज होने जा रही इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और भूमि पेडनेकर भी अहम रोल में हैं.