दिग्गज फिल्म अभिनेत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता शबाना आजमी ने दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी के प्रति सम्मान दिखाते हुए होली पार्टी रद्द कर दी है। शबाना ने सोमवार को ट्वीट कर कहा, "श्रीदेवी के निधन की वजह से जानकी कुरीर में हमारी दो मार्च को होने वाली होली पार्टी रद्द कर दी गई है।
श्रीदेवी का शनिवार रात दुबई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पद्मश्री से सम्मानित श्रीदेवी पारिवारिक विवाह समारोह में हिस्सा लेने पति बोनी कपूर और बेटी खुशी के साथ दुबई गई थीं। अभिनेत्री का अंतिम संस्कार सोमवार को होने की संभावना है, हालांकि इस बारे में परिवार के सदस्यों ने कोई बयान नहीं दिया है।
श्रीदेवी ने 4 साल की उम्र में फिल्म डेब्यू किया
तमिल और मलयालम में कई फिल्में करने के बाद साल 1979 में श्रीदेवी ने फिल्म 'सोलहवां साल' से हिंदी फिल्मों में आईं और छा गईं। 80 का दशक बीतने से पहले उन्होंने हिम्मतवाला, तोहफा, मिस्टर इंडिया और नागिन जैसी सुपरहिट फिल्में दे दीं। तब उन्हें हिन्दी फिल्म जगत की पहली फीमेल सुपरस्टार का दर्जा दिया जाने लगा। उस दौर में कई पत्रिकाओं में उन्हें लेडी अमिताभ बच्चन नाम दिया।
श्रीदेवी ने माँ का फर्ज अदा करने के लिए छोड़ा बॉलीवुड
एक शानदार करियर पर आगे बढ़ रही श्रीदेवी ने साल 1997 में 'जुदाई' के बाद फिल्म जगत से संन्यास ले लिया। वे अपने पारिवारिक जीवन में व्यस्त हो गईं। उन्होंने 2 जून, 1996 को निर्माता बोनी कपूर से शादी की। इसके बाद उन्होंने दो बेटियों को जन्म दिया। बड़ी जाह्नवी कपूर की बॉलीवुड में एंट्री की वह बेसब्री से इंतजार कर रही थीं। जाह्नवी, करण जौहर निर्देशित धनक से बॉलीवुड में एंट्री करने जा रही हैं। दूसरी बेटी खुशी कपूर का भी फिल्मों की तरफ रुझान है। श्रीदेवी ने अपना कॅरियर रोकर दोनों बेटियों को अपना पूरा समय दिया।