रश्मिका मंदाना संग उनके मैनेजर ने कथित तौर पर की 80 लाख की ठगी, एक्ट्रेस ने किया बर्खास्त
By मनाली रस्तोगी | Published: June 19, 2023 11:18 AM2023-06-19T11:18:35+5:302023-06-19T11:22:01+5:30
साउथ अभिनेत्री रश्मिका मंदाना के साथ उनके मैनेजर ने कथित तौर पर 80 लाख रुपए की ठगी की है। हाल ही में आई एक रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना के बारे में जानने के बाद रश्मिका मंदाना ने तुरंत अपने मैनेजर को बर्खास्त कर दिया, जो उनके करियर के शुरुआती समय से उनके साथ थे।
नई दिल्ली: साउथ अभिनेत्री रश्मिका मंदाना के साथ उनके मैनेजर ने कथित तौर पर 80 लाख रुपए की ठगी की है। हाल ही में आई एक रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना के बारे में जानने के बाद रश्मिका मंदाना ने तुरंत अपने मैनेजर को बर्खास्त कर दिया, जो उनके करियर के शुरुआती समय से उनके साथ थे। पिंकविला की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मैनेजर ने रश्मिका से 80 लाख रुपए चुरा लिए।
रिपोर्ट में कहा गया, "रश्मिका को उनके मैनेजर द्वारा 80 लाख रुपए की ठगी किए जाने की बात है। वह इसके बारे में ज्यादा कुछ बात नहीं करना चाहती थीं। इसलिए उन्होंने अपने मैनेजर को नौकरी से निकाल कर खुद ही इससे निपट लिया।" बता दें कि रश्मिका जल्द ही रणबीर कपूर के साथ 'एनिमल' में नजर आने वाली हैं। वो फिल्म 'गुडबाय' के जरिए बॉलीवुड डेब्यू कर चुकी हैं।
फिलहाल, रश्मिका मंदाना पुष्पा: द रूल की शूटिंग में काफी व्यस्त हैं।वह फिल्म में श्रीवल्ली की भूमिका निभा रही हैं, जिसे सुकुमार निर्देशित कर रहे हैं। इस फिल्म में अल्लू अर्जुन मुख्य भूमिका में हैं। मालूम हो, इस फिल्म के पहले भाग को देशभर में काफी सफलता मिली। ऐसे में फैंस पुष्पा: द रूल में एक बार फिर अल्लू अर्जुन के साथ रश्मिका मंदाना को देखने के लिए काफी उत्साहित हैं।