बॉलीवुड गायक मीका सिंह को दुबई में छेड़छाड़ के आरोप में हिरासत में लिया गया है। दुबई पुलिस ने मीका को हिरासत में लेकर पुलिस स्टेशन में रखा है। एएनआई के मुताबिक, मीका पर 17 साल की ब्राजीलियन लड़की ने यौन दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं।
खबरों के मुताबिक, मीका को दुबई पुलिस ने हिरासत में लिया है। मीका को दुबई में मुरक्काबात के थाने में रखकर पूछताछ की जा रही है। मीका सिंह अपने किसी बॉलीवुड परफॉर्मेंस के लिए दुबई में गए हुए थे। हालांकि मीका की अभी जमानत नहीं हो पाई है। मीका फ्रेंड्स ने उनकी जमानत के लिए कोशिश की थी लेकिन वो नाकम रहे।
‘गल्फ न्यूज’ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सिंह यहां पर एक पार्टी में कार्यक्रम के लिए आये हुए थे। उन्हें मॉडल की ओर से दर्ज करायी गई इस शिकायत पर गिरफ्तार कर लिया गया कि उन्होंने उसे अनुचित तस्वीरें भेजी। इसमें कहा गया है कि गायक ने उसे बॉलीवुड में काम का भी वादा किया था।
‘गल्फ न्यूज’ की खबर में यूएई में भारतीय राजदूत नवदीप सिंह सूरी के हवाले से कहा गया है कि मीका सिंह ने राजनयिक पहुंच मांगी है और दूतावास के कर्मचारी इस पर काम कर रहे हैं। इस बीच नयी दिल्ली में आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मीका सिंह को तड़के तीन बजे हिरासत में लिया गया। उनके खिलाफ विधिक कार्यवाही शुरू की जा रही है।
इन तीन मामलों में भी दर्ज हो चुके हैं मीका सिंह के खिलाफ केस
- बता दें कि मीका सिंह हमेशा ही किसी न किसी बात को लेकर विवादों में घिरे रहते हैं। यह पहली बार नहीं है कि गायक को अनुचित व्यवहार के आरोपों का सामना करना पड़ा है। इससे पहले 2015 में मीका सिंह ने दिल्ली में एक इवेंट में एक डॉक्टर पर हाथ उठा दिया था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था।
- वहीं 2014 में उनपर हिट एंड रन का भी केस दर्ज किया गया था। उनपर आरोप था कि उन्होंने अपनी गाड़ी से एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी है।
- राखी सावंत ने भी साल 2006 में उनपर यौन दुर्व्यवहार के आरोप लगाए थे। राखी को एक इवेंट में मीका सिंह ने जबरन किस कर लिया था।