मुंबईः बॉलीवुड की दिवंगत अभिनेत्री मधुबाला की बड़ी बहन कनीज बलसारा (Kaniz Balsara) को उनकी बहू ने न्यूजीलैंड स्थित घर से बाहर निकाल दिया है। कनीज बलसारा की उम्र 96 है। उम्र के इस पड़ाव पर उनकी बहू द्वारा घर से निकालने की अमानवीय खबर सामने आई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कनीज बलसारा की बहू ने उनको घर से निकालते हुए एक फूटी कौड़ी नहीं दी। बिना पैसे को उनको विमान में बैठाकर मुंबई भेज दिया। घटना 29 जनवरी की है। उनकी बहू समीना ने रात तकरीबन 8 बजे बिना पैसे और सामान के विमान में बैठा दिया। हालात ये थे कि मधुबाला की बहन के पास एयरपोर्ट पर आरटी पीसीआर टेस्ट के लिए भी पैसे नहीं थे।
गौरतलब है कि बहू ने परिवार के किसी भी सदस्य को इसकी जानकारी नहीं दी। यह बात कनीज की बेटी परवीज को भी नहीं बताई। परवीज मुंबई में रहती हैं। उनको इस बात की जानकारी उनकी किसी चचेरी बहन से मिली।
परवीज के मुताबिक, कनीज 17-18 साल पहले न्यूजीलैंड गई थीं। वह अपने बेटे फारुक से बेहद प्यार करती थीं। फारुक भी माता-पिता को बेहद प्यार करते थे इसलिए वह उन्हें अपने साथ रखने के लिए न्यूजीलैंड ले गए। वह एक इज्जतदार व्यक्ति थे और न्यूजीलैंड के करेक्शन डिपार्टमेंट में काम करते थे लेकिन भाभी समीना को कनीज से नफरत है।