सुबह खाली पेट खजूर खाने के फायदे जानकर आप भी रह जाएंगे हैरान
By संदीप दाहिमा | Updated: May 12, 2026 21:03 IST2026-05-12T20:34:02+5:302026-05-12T21:03:27+5:30

शुगर लेवल करे मेंटेन: अगर कुछ मीठा खाने का मन है तो कैंडी की बजाय दो तीन खजूर खा लें। खजूर मीठे की तलब मिटाने का हेल्दी तरीका है। ये सफेद शुगर के अच्छे विकल्प होते हैं क्योंकि इनमें सोडियम, कोलेस्ट्रॉल और फैट नहीं होता। लेकिन याद रखें, इसमें कैलोरी अधिक होती है!

पाचन रखे दुरुस्त: खजूर फाइबर का अच्छा स्रोत है, इसलिए इसे खाने से पाचन क्रिया को फायदा पहुंचता है। ये एलडीएल कॉलेस्ट्रॉल (बैड कॉलेस्ट्रॉल) जमा होने से भी रोकते हैं, जिसकी वजह से दिल की बीमारियों जैसे हाइपरटेंशन, दिल का दौरा आदि का जोखिम कम होता है।

एनीमिया से करता है बचाव: शरीर में आयरन की कमी होने पर एनीमिया की स्थिति बन जाती है। आयरन लाल रक्त कोशिकाओं की शरीर के दूसरे अंगों में ऑक्सीजन पहुंचाने में मदद करते हैं, जिससे कि वो अंग ठीक से काम कर पाते हैं। खजूर में आयरन उच्च मात्रा में होता है, इसलिए नियमित रूप से खजूर का सेवन करने से आप एनीमिया से बच जाएंगे।

दिल को रखता है स्वस्थ: प्रति 100 ग्राम खजूर में 656 मिग्रा पोटैशियम होता है, जो उसे पोटैशियम का पावर हाउस बनाता है। डब्ल्यूएचओ की गाइडलाइंस के अनुसार, एक वयस्क को दिन में 3.510 मिग्रा पोटैशियम की ज़रूरत होती है। इससे कम मिलने पर हाई ब्लड प्रेशर, दिल का दौरा व दिल की अन्य बीमारियों का जोखिम बढ़ सकता है।

हड्डियों को करता है मजबूत: खजूर में कैल्शियम, मैग्नीशियम और विटामिन बी6 भी पाए जाते हैं। कैल्शियम और मैग्नीशियम दोनों ही हड्डियों के विकास के लिए आवश्यक होते हैं। वहीं विटामिन बी6 प्रोटीन को तोड़ने और तंत्रिका के कार्यों में मददगार होता है।

















