यूक्रेन संकट: अमेरिका की चीन को चेतावनी, रूस की न करें मदद, जिनपिंग बोले- युद्ध किसी के हित में नहीं
By विशाल कुमार | Published: March 19, 2022 08:59 AM2022-03-19T08:59:46+5:302022-03-19T09:18:59+5:30
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, व्हाइट हाउस ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच सुरक्षित वीडियो कॉल पर करीब दो घंटे तक चली बातचीत रूस के यूक्रेन पर हमले पर केंद्रित रही।
वाशिंगटन:चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ फोन पर बातचीत में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने शुक्रवार को उन्हें रूस को सैन्य सहायता उपलब्ध कराने के प्रभावों और परिणामों को लेकर चेतावनी दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, व्हाइट हाउस ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच सुरक्षित वीडियो कॉल पर करीब दो घंटे तक चली बातचीत रूस के यूक्रेन पर हमले पर केंद्रित रही।
व्हाइट हाउस ने बताया कि राष्ट्रपति बाइडेन ने रूस पर लगातार प्रतिबंध लगाने सहित हमले को रोकने और फिर उसका जवाब देने के हमारे प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने चीन द्वारा रूस को सैन्य सहायता प्रदान करने पर उसके पड़ने वाले प्रभावों और परिणामों के बारे में भी बताया क्योंकि वह यूक्रेन के शहरों और नागरिकों के खिलाफ क्रूर हमले करता है।
व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा कि लगभग दो घंटे का अधिकांश समय राष्ट्रपति के साथ इस संकट पर अमेरिका, उसके सहयोगियों और भागीदारों के विचारों को रेखांकित करने में गया, जिसमें आक्रमण को रोकने और फिर प्रतिक्रिया करने के प्रयासों का विस्तृत अवलोकन शामिल था।
वहीं, जिनपिंग ने कहा कि युद्ध किसी के हित में नहीं है । उन्होंने कहा कि चीन और अमेरिका को अंतर्राष्ट्रीय जिम्मेदारियों को निभाना चाहिए। साथ ही यह घोषित किया कि शांति और सुरक्षा अंतर्राष्ट्रीय समुदाय का सबसे मूल्यवान खजाना है।