South African Parliamentary Elections: दक्षिण अफ्रीका की शीर्ष अदालत ने फैसला दिया है कि एक आपराधिक मामले में दोषसिद्धि की वजह से पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा को अगले हफ्ते होने वाले संसदीय चुनाव में खड़े होने की इजाजत नहीं है। यह निर्णय अहम चुनाव से पहले देश में राजनीतिक तनाव बढ़ा सकता है। संवैधानिक अदालत ने कहा कि संविधान उन लोगों के चुनाव लड़ने पर रोक लगाता है जिन्हें 12 महीने से ज्यादा की सज़ा दी गई है। जुमा (82) को 2021 में संवैधानिक न्यायालय ने अदालत की अवमानना के मामले में 15 महीने की सज़ा सुनाई थी।
इस मामले में उन्होंने सरकार के भ्रष्टाचार की तफ्तीश के लिए गठित न्यायिक जांच के समक्ष गवाही देने से इनकार कर दिया था। जुमा 2009 से 2018 तक दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति थे। उन्हें भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर पद से इस्तीफा देना पड़ा था। उन्होंने नए राजनीतिक दल के साथ पिछले साल राजनीति में वापसी की। वह सत्तारूढ़ अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस पार्टी की तीखी आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने पहले इस पार्टी की अगुवाई की थी।