पति एलेक्सी नेवेल्नी को जहर देकर मारा, पत्नी ने कहा- 2 लैब रिपोर्ट से पता चला, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के कट्टर विरोधी थे नेवेल्नी
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: September 17, 2025 19:25 IST2025-09-17T19:24:08+5:302025-09-17T19:25:14+5:30
एलेक्सी ने सरकारी भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम चलाई और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के कट्टर विरोधी के रूप में बड़े पैमाने पर क्रेमलिन विरोधी प्रदर्शन किए थे।

file photo
मास्कोः एलेक्सी नेवेल्नी की पत्नी ने बुधवार को कहा कि दो स्वतंत्र प्रयोगशालाओं ने पाया कि उनके पति को रूस की जेल में जहर दिया गया था, जिसके कुछ देर बाद उनकी मौत हो गयी थी। एलेक्सी ने सरकारी भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम चलाई और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के कट्टर विरोधी के रूप में बड़े पैमाने पर क्रेमलिन विरोधी प्रदर्शन किए थे।
उनका फरवरी 2024 में ‘आर्कटिक पीनल कॉलोनी’ में निधन हो गया। वह 19 साल की सजा काट रहे थे, जिसे उन्होंने राजनीति से प्रेरित माना था। अधिकारियों ने बताया कि एलेक्सी टहलने के बाद बीमार पड़ गए थे हालांकि उनकी मौत के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी गयी थी। वह 47 वर्ष के थे।
यूलिया नेवेल्नया ने बुधवार को जारी एक वीडियो में कहा कि नेवेल्नी के शरीर के जैविक नमूने रूस से लाए गए थे और विदेश में दो प्रयोगशालाओं में उनकी जांच की गयी थी। उन्होंने कहा कि दोनों प्रयोगशालाओं की जांच में पता चला कि नेवेल्नी को जहर दिया गया था लेकिन ‘राजनीतिक कारणों’ से उन्होंने निष्कर्ष जारी नहीं किए।
यूलिया ने बताया कि उन्होंने (प्रयोगशालाओं ने) न तो कोई सबूत दिया और न ही इस बारे में विस्तार से बताया कि कथित जहर क्या था। यूलिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में कहा, “दो अलग-अलग देशों की ये प्रयोगशालाएं एक ही निष्कर्ष पर पहुंचीं कि एलेक्सी की हत्या की गई थी। और खास तौर पर, उन्हें जहर दिया गया था।” उन्होंने जेल कम वीडियो फुटेज मिलने पर सवाल उठाया।
नेवेल्नी की मौत के दिन की उनकी कोठरी की कथित तस्वीरें दिखाईं, जिनमें फर्श पर उल्टी दिखाई दे रही थे। यूलिया ने हालांकि इस बात का कोई सीधा सबूत नहीं दिया कि नेवेल्नी को जहर दिया गया था या जेल अधिकारियों ने ऐसा किया था। उन्होंने कहा, “मैं मांग करती हूं कि जिन प्रयोगशालाओं ने यह जांच की, वे अपने नतीजे प्रकाशित करें।”