ढाकाः बांग्लादेश के संसदीय चुनावों के शुरुआती रुझान आने शुरू हो गए हैं। मतगणना जारी रहने के साथ ही बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) ने प्रारंभिक बढ़त हासिल कर ली है। इस महत्वपूर्ण चुनाव पर सबकी नजर है, क्योंकि यह छात्रों के नेतृत्व वाले आंदोलन के बाद पहला राष्ट्रीय चुनाव है, जिसने शेख हसीना के लगभग दो दशक लंबे शासन को समाप्त कर दिया था।
गुरुवार को शाम 4:30 बजे 300 में से 299 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान समाप्त हो गया, जिसमें 42,000 से अधिक केंद्रों पर मतों की गिनती जारी है। आंकड़ों के अनुसार बीएनपी 29 सीटों पर आगे थी। बांग्लादेश में महत्वपूर्ण आम चुनाव के लिए लोगों ने बृहस्पतिवार मतदान किया। हालांकि, मतदान छिटपुट हिंसा की घटनाओं से प्रभावित रहा।
जबकि जमात-ए-इस्लामी (जेआई) गठबंधन 10 सीटों पर आगे हैं। चुनाव आयोग ने भारी मतदान की सूचना दी है, दोपहर तक मतदान प्रतिशत 47.91% तक पहुंच गया, जो पहले के आंकड़ों से काफी अधिक है। हालांकि हिंसा की छिटपुट घटनाएं सामने आईं।
गोपालगंज में एक हैंडबम हमले में तीन लोग घायल हो गए, मुंशीगंज में देसी विस्फोटों के कारण मतदान कुछ समय के लिए बाधित हुआ और खुलना में हुई झड़प में एक बीएनपी नेता की मौत हो गई। इन घटनाओं के बावजूद, अधिकारियों ने कहीं भी मतदान स्थगित नहीं किया।