बिहार के इस ASI की मूंछ पर फिदा हो गए DIG मनु महाराज, मूंछों को लेकर की तारीफ
By अनुराग आनंद | Published: January 10, 2021 11:08 AM2021-01-10T11:08:25+5:302021-01-10T11:13:21+5:30
गोपालगंज के एक थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर की मूंछ देखकर सारण के डीआईजी मनु महाराज काफी प्रभावित हुए।
पटना: बिहार के तेज तर्रार आईपीएस अधिकारी मनु महाराज को मूंछों से काफी प्यार है। यही वजह है कि वह भी खास तरह से अपना मूंछ रखना पसंद करते हैं। बिहार में तो लोगों के बीच अमिताभ बच्चन की एक फिल्म के डॉयलॉग की तर्ज पर इस बात की चर्चा अक्सर चलती है कि मूंछ हो तो IPS मनु महाराज की तरह हो।
न्यूज 18 के रिपोर्ट मुताबिक, डीआईजी मनु महाराज शुक्रवार की देर शाम गोपालगंज पहुंचे हुए थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न थाना के अधिकारियों से मिलकर बातचीत की। इसी दौरान उनका ध्यान एक एएसआई की मूंछ पर चला गया। इसके बाद मनु महाराज को एएसआई की मूंछ इतनी पसंद आई कि वह एएसआई के पास चले गए और हाथ मिलाने लगे।
कौन है वह एएसआई, जिसकी मूंछ मनु महाराज को पसंद आई-
बता दें कि डीआईजी मनु महाराज की नजर ड्यूटी पर तैनात एएसआई उमेश यादव की ओर गई और इसके बाद उन्होंने एएसआई की मूंछ की तारीफ भी की। यही नहीं हाथ मिलाने के बाद पुलिस अधिकारी ने 500 रुपये का इनाम भी दिया। डीआईजी के इस सम्मान से कुचायकोट थाना में तैनात उनके साथ काम करने वाले सभी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने भी उमेश यादव की तारीफ की।
डीआईजी मनु महाराज औचक जांच में गोपालगंज पहुंचे थे-
बता दें कि डीआईजी मनु महाराज शुक्रवार की देर शाम गोपालगंज पहुंचे। उन्होंने थावे दुर्गा व रहषु भगत मंदिरों में पूजा-पाठ की। वहीं आरती में भाग लिया। वे गोपालगंज में विधि-व्यवस्था की स्थिति की पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा करेंगे।
ज्ञात हो कि विगत चार दिनों में जिले में एक होटल संचालक,रेस्टोरेंट मालिक व एक होमगार्डके जवान की हत्या हो चुकी है। श्री महाराज के साथ एसपी आनंद कुमार, हथुआ एसडीपीओ नरेश कुमार व सदर एसडीपीओ नरेश पासवान भी उनके साथ मंदिर परिसर में मौजूद थे।