यौन उत्पीड़न के आरोप में टीवी अभिनेता अभिनव कोहली गिरफ्तार
By भाषा | Published: August 13, 2019 05:04 AM2019-08-13T05:04:40+5:302019-08-13T05:04:40+5:30
अधिकारी ने बताया कि उन्होंने महिला के लिए असभ्य भाषा का प्रयोग किया और अक्टूबर 2017 से उसे कई बार मोबाइल पर मॉडल्स की अश्लील तस्वीरें दिखायीं।
टीवी अभिनेता अभिनव कोहली को एक महिला का कथित रूप से यौन उत्पीड़न करने और उसकी पिटाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि पीड़िता ने कांदीवली के समता नगर थाने में रविवार शाम शिकायत दर्ज करायी और इसी आधार पर कोहली (39) को गिरफ्तार किया गया।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि उन्होंने महिला के लिए असभ्य भाषा का प्रयोग किया और अक्टूबर 2017 से उसे कई बार मोबाइल पर मॉडल्स की अश्लील तस्वीरें दिखायीं। उन्होंने बताया कि आरोपी पीड़िता की पिटाई भी करता था और उसे तथा उसकी मां को धमकी भी देता था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पीड़िता और उसकी मां ने थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज करायी है। आरोपी को सोमवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया जिसने उसे मंगलवार तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।