कर्नाटक चुनाव प्रचार की कमान PM नरेंद्र मोदी ने संभाली, आज से करेंगे धुंआधार रैलियां
By रामदीप मिश्रा | Updated: May 1, 2018 07:58 IST2018-05-01T07:54:43+5:302018-05-01T07:58:34+5:30
2013 में हुए चुनाव में 224 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस 122 सीटों पर जीती थी और सरकार बनाई थी। बीजेपी को 40 और जनता दल सेक्युलर को भी 40 सीटें मिली थी।

कर्नाटक चुनाव प्रचार की कमान PM नरेंद्र मोदी ने संभाली, आज से करेंगे धुंआधार रैलियां
बेंगलुरु, 1 मईः जैसे-जैसे कर्नाटक विधानसभा चुनाव की तारीखें पास आती जा रही हैं वैसे-वैसे चुनाव प्रचार तेज होता जा रहा है। अभी तक भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की ओर से चुनाव प्रचार की कमान अमित शाह संभाले हुए थे, लेकिन अब खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे अपने हाथ में लिया है और वह आज से ताबड़तोड़ रैलियां करेंगे।
पीएम मोदी मंगलवार को कर्नाटक में चुनाव प्रचार के लिए तीन रैलियां करने वाले हैं, जिसकी शुरुआत चामराजनगर से होगी। यहां वे सुबह 11 बजे रैली करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी दोपहर एक बजे उडुपी पहुंचेंगे, जहां वो श्रीकृष्ण मठ भी जाएंगे। साथ ही साथ रैली भी करेंगे।
5 दिन में 15 रैलियां
पीएम मोदी मंगलवार दोपहर को ही तीन बजे बेलागावी जाएंगे और यहां वे एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वह 1, 3, 5, 7 और 8 मई को हर रोज 3-3 रैलियां करेंगे। कुल मिलाकर प्रधानमंत्री पांच दिनों में 15 रैलियां करने वाले हैं। बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव 12 मई को होने हैं। वहीं नतीजे 15 मई को आएंगे।
क्या कहते हैं कर्नाटक विधानसभा चुनाव के ऑपिनियन पोल
इस चुनाव में मुख्य रूप से कांग्रेस और बीजेपी और जनता दल सेक्युलर के बीच कड़ा मुकाबला है। ये सारी पार्टियां चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। ऐसे में इंडिया टुडे न्यूज चैनल की ओर से किए गया ऑपिनियन पोल सामने आया है। ऑपिनियन पोल के मुताबिक बीजेपी के लिए कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2018 की राह आसान नहीं होगी। ऑपिनियन पोल के मुताबिक कांटे की टक्कर के बीच हंग असेंबली होने की उम्मीद है।
कांग्रेस बन सकती है बड़ी पार्टी
ऑपिनियन पोल के मुताबिक प्रदेश की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस बन सकती है। जिसको बीजेपी कड़ी टक्कर दे सकती है। लेकिन जनता दल सेक्युलर हंग असेंबली में बड़ी भूमिका निभाएगी। ऑपिनियन पोल के मुताबिक 224 सीटों वाली कर्नाटक विधानसभा चुनाव में सिद्धारमैया अभी भी सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री हैं। ऑपिनियन पोल के मुताबिक 224 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस पर 90 से 101 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, बीजेपी को 78 से 86 फीसदी सीटे मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। ऑपिनियन पोल के अनुसार जनता दल सेक्युलर को 34 से 43 सीटें मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
ये था 2013 का परिणाम
2013 में हुए चुनाव में 224 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस 122 सीटों पर जीती थी और सरकार बनाई थी। बीजेपी को 40 और जनता दल सेक्युलर को भी 40 सीटें मिली थी। 13 सीटें अन्य तो बाकी 9 निर्दलीय उम्मीदवारों को मिली थी।