राहुल गांधी पर फूटा संबित पात्रा का गुस्सा, कहा- वे चाहते हैं गोली चले और लाशें बिछ जाएं
By अमित कुमार | Updated: February 3, 2021 17:52 IST2021-02-03T17:51:26+5:302021-02-03T17:52:56+5:30
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर हमला बोला है। राहुल गांधी के किसान आंदोलन पर दिए गए बयान का पलटवार करते हुए संबित पात्रा ने कई बातों का जिक्र किया।

राहुल गांधी पर भड़के संबित पात्रा। (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
किसान आंदोलन को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को निशाने पर लिया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधी के दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि गोली चले और लाशें बिछ जाएं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष हुड़दंगियों को रिहा करने की बात कर रहे हैं। क्या वो लोग राहुल गांधी के अपने लोग हैं।
संबित पात्रा ने अपनी बात को आगे जारी रखते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि सड़कों पर लड़ाई हो और राहुल गांधी किसान बंधुओं के कंधे पर बंदूक रखकर अपनी राजनीतिक रोटी सेंक रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज के प्रेस कॉन्फ्रेंस का शीर्षक है- राहुल, रिहाना और रैकेट। संबित पात्रा ने कहा कि किसान और पुलिस आपस में नहीं लड़े इससे राहुल गांधी को समस्याएं हो रही हैं।
राहुल गांधी ने केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन के बीच केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि भारत की प्रतिष्ठा को गहरा धक्का लगा है। भाजपा एवं आरएसएस ने देश की ‘सॉफ्ट पावर’ (साख) को ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने तीन नये कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग करते हुए यह सवाल भी किया कि सरकार दिल्ली में किलेबंदी क्यों कर रही है?
कांग्रेस नेता ने संवाददाताओं से कहा कि सबसे पहला सवाल यह है कि सरकार किलेबंदी क्यों कर रही है? क्या ये किसानों से डरते हैं? क्या किसान दुश्मन हैं? किसान देश की ताकत है। इनको मारना, धमकाना सरकार का काम नहीं है। सरकार का काम बातचीत करना और समस्या का समाधान निकालना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि प्रस्ताव बरकरार है कि कानूनों के क्रियान्वयन को कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया जाए। मेरा मानना है कि इस समस्या का समाधान जल्द करना जरूरी है। किसान पीछे नहीं हटेंगे। अंत में सरकार को पीछे हटना पड़ेगा। इसी में सबका भला है कि सरकार आज ही पीछे हट जाए।