Commonwealth Games 2022: महिला हॉकी टीम ने 16 साल बाद पदक जीता, कप्तान सविता पूनिया का शानदार प्रदर्शन

By हर्ष वर्धन मिश्रा | Published: August 7, 2022 06:05 PM2022-08-07T18:05:44+5:302022-08-07T18:07:16+5:30

Next

कप्तान सविता पूनिया के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला हॉकी टीम ने स्टॉपवॉच विवाद से उबरते हुए रविवार को यहां गत चैंपियन न्यूजीलैंड को शूट आउट में 2-1 से हराकर राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीता। भारतीय महिला हॉकी टीम का राष्ट्रमंडल खेलों में 16 साल में यह पहला पदक है।

भारतीय टीम मैच के अंतिम लम्हों में 1-0 से आगे चल रही थी लेकिन आखिरी 30 सेकेंड से भी कम समय में उसने विरोधी टीम को पेनल्टी कॉर्नर दे दिया। यह पेनल्टी स्ट्रोक में बदला और ओलीविया मेरी ने न्यूजीलैंड को बराबरी दिला दी जिसके बाद मुकाबला शूट आउट में खिंच गया।

न्यूजीलैंड के खिलाफ शूट आउट में भारतीय कप्तान और गोलकीपर सविता ने तीन प्रयासों को शानदार तरीके से नाकाम करके भारत का तीसरा राष्ट्रमंडल पदक पक्का किया। शूट आउट में मेगान हुल ने न्यूजीलैंड को बढ़त दिलाई लेकिन सविता ने रोस टाइनन, केटी डोर और ओलीविया शेनन के प्रयासों को नाकाम कर दिया। भारत के लिए सोनिका और नवनीत ने गोल दागते हुए टीम की जीत सुनिश्चित की।

विवादास्पद सेमीफाइनल में आस्ट्रेलिया के खिलाफ दिल तोड़ने वाली हार के बाद इस मुकाबले में खेल रही भारतीय टीम ने पूरे मैच के दौरान बेहतर प्रदर्शन किया और पदक अपने नाम किया।

भारत ने मैच में आक्रामक रुख अपना और कई बार न्यूजीलैंड के सर्कल में प्रवेश किया लेकिन विरोधी टीम के मजबूत डिफेंस को भेदने में नाकाम रहे।