World Cup Under-20: अंडर-20 विश्व कप फुटबॉल में खिताब के दो प्रबल दावेदारों ब्राजील और सेनेगल को रविवार को यहां अपने शुरुआती मैचों में ही हार का सामना करना पड़ा। खिताब के प्रबल दावेदार ब्राजील को इटली ने 3-2 से हराया जबकि जापान ने सेनेगल को 1-0 से उलटफेर का शिकार बनाया।
नाइजीरिया और कोलंबिया ने भी अपने मैच जीते लेकिन उनका सामना अपेक्षाकृत कमजोर टीमों से था। नाइजीरिया ने डोमिनिका गणराज्य को 2-1 से हराया जबकि कोलंबिया ने इजरायल को इसी अंतर से पराजित किया। इटली ने ग्रुप डी के इस मैच में शुरू में ब्राजील पर दबदबा बनाया और एक समय वह 3-0 की बढ़त पर था।
उसकी तरफ से मेटियो प्राटी ने 11वें मिनट में पहला गोल किया जबकि सेसरे कासादेई ने इसके बाद 27वें और 35वें मिनट में गोल किए। ब्राजील की तरफ से मार्कोस लिएंड्रो ने 72वें और 87वें मिनट में गोल किए लेकिन इससे वह हार का अंतर ही कम कर पाए। सेनेगल के खिलाफ ग्रुप सी के मैच में जापान की तरफ से स्ट्राइकर कुरयू मात्सुकी ने 15वें मिनट में गोल दागा जो आखिर में निर्णायक साबित हुआ।
अंडर-20 विश्व कप: अर्जेन्टीना ने उज्बेकिस्तान, अमेरिका ने इक्वाडोर को हराया
जोनाथन गोमेज के इंजरी टाइम में दागे गोल की बदौलत अमेरिका ने अंडर-20 फुटबॉल विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत इक्वाडोर के खिलाफ 1-0 की जीत के साथ की जबकि मेजबान अर्जेन्टीना ने एशियाई चैंपियन उज्बेकिस्तान को 2-1 से हराया। अर्जेन्टीना की टीम बेहतर गोल अंतर के कारण ग्रुप ए में शीर्ष पर चल रही है जबकि ग्रुप बी में अमेरिका की टीम दूसरे स्थान पर है।
ग्रुप बी के एक अन्य मैच में स्लोवाकिया ने फिजी को 4-0 से हराया। लेफ्ट बैक गोमेज ने अंतिम सीटी बजने से एक मिनट पहले गोलकीपर गिलमार नापा को छकाते हुए अमेरिका को जीत दिलाई। ग्रुप ए के एक अन्य मैच में न्यूजीलैंड ने नोर्मन गार्बेट के 80वें मिनट में दागे गोल से गुआटेमाला को 1-0 से शिकस्त दी।