लाइव न्यूज़ :

रनिंदर सिंह चौथी बार एनआरएआई अध्यक्ष चुने गये

By भाषा | Updated: September 18, 2021 18:12 IST

Open in App

मोहाली, 18 सितंबर अनुभवी प्रशासक रनिंदर सिंह को शनिवार को फिर से चौथी बार भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) का अध्यक्ष चुना गया जिन्होंने यहां चुनावों में बसपा सांसद श्याम सिंह यादव को 56-3 मत से हराया।

कुंवर सुल्तान सिंह को निर्विरोध राष्ट्रीय संस्था का महासचिव चुना गया जबकि रणदीप मान को कोषाध्यक्ष बनाया गया।

महासंघ के आठ उपाध्यक्षों के अलावा ओडिशा के सांसद कालीकेश नारायण सिंह देव सीनियर उपाध्यक्ष बने रहेंगे।

पवन कुमार सिंह भी शेला कानुंगो के साथ शीर्ष संस्था के संयुक्त सचिव बने रहेंगे। दोनों को निर्विरोध चुना गया।

चुनावों में एनआरएआई के 59 सदस्यों ने प्रतिनिधित्व किया जिसमें से 56 ने रनिंदर के पक्ष में जबकि तीन ने उनके प्रतिद्वंद्वी यादव के पक्ष में मत दिये जो उत्तर प्रदेश राइफल संघ के अध्यक्ष हैं।

एनआरएआई ने दिल्ली उच्च न्यायालय में यादव द्वारा दायर याचिका के बाद खेल मंत्रालय के नये सिरे से चुनाव प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश के बावजूद चुनाव कराने का फैसला किया।

यादव उत्तर प्रदेश के जौनपुर लोकसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी के सांसद हैं।

एनआरएआई ने चुनाव निर्धारित समय पर कराने का फैसला इसलिये कायम रखा क्योंकि उच्च न्यायालय से अभी इस पर कोई ‘स्टे ऑर्डर’ नहीं मिला था।

यह मामला दिल्ली उच्च न्यायालय में लंबित है और सुनवाई की अगली तारीख दिसंबर है।

चुनाव आईएस बिंद्रा स्टेडियम में कराये गये।

अपनी याचिका में यादव ने चुनावों के लिये मेहताब सिंह गिल को चुनाव अधिकारी नियुक्त किये जाने में ‘हितों के स्पष्ट टकराव’ का हवाला दिया है।

यादव ने रनिंदर के कार्यकाल को लेकर भी आपत्ति उठायी थी लेकिन मंत्रालय ने पाया कि वह फिर से चुनाव लड़ सकते हैं।

खेल संहिता के अनुसार, ‘भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) सहित किसी भी एनएसएफ (राष्ट्रीय खेल महासंघ) का अध्यक्ष अधिकतम 12 साल तक अपने पद पर रह सकता है।’’

इस आधार पर रनिंदर की उम्मीद्वारी वैध है क्योंकि वह 2022 के आखिर में 12 साल पूरा करेंगे।

रनिंदर ने कहा, ‘‘ यह चुनाव अध्यक्ष पद की कुर्सी के बारे में नहीं बल्कि इसकी स्वायत्त होने की आधारभूत क्षमता के बारे में था, साथ ही राष्ट्रीय खेल संहिता का उल्लंघन नहीं करने के बारे में भी जिसका हम स्वेच्छा से पालन और स्वागत करते हैं।’’

वह अपनी नेतृत्व क्षमता पर सदस्यों द्वारा दिखाये गये भरोसे से काफी सम्मानित महसूस कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘साथ मिलकर हमने भारतीय निशानेबाजी के लिये काफी कुछ हासिल किया है और अब समय आ गया है जब हम इसे एक दूसरे स्तर पर ले जायें। ’’

चुने गये आठ उपाध्यक्षों में अजय एच पेल, अमित सांघी, अशोक जे पंडित, अशोक मित्तल, जॉन खारशिंग, पुतुल कुमारी, सुषमा सिंह और वरिंदर कुमार धाल शामिल थे।

मानद सचिव के पद पर सुशील, ईश्वर रोहल, कुमार त्रिपुरारी सिंह, मेघाशाम श्रीपद भांगले, मोईरांगथेम आर सिंह और आर रविकृष्णन को भी निर्विरोध चुना गया।

कुल 16 संचालन परिषद सदस्यों को भी चुना गया।

चुनाव निर्वाचन अधिकारी न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) मेहताब सिंह गिल और अतिरिक्त निर्वाचन अधिकारी न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) इंदरजीत सिंह वालिया द्वारा कराये गये।

भारतीय बास्केटबॉल महासंघ के महासचिव चंदर मुखी शर्मा भारतीय ओलंपिक संघ के पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद थे जबकि भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष आदिले जे सुमरिवाला अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ के पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित थे।

पूर्व नंबर एक ट्रैप निशानेबाज और ओलंपियन रोंजन सोढी भी ‘प्रतिष्ठित खिलाड़ी पर्यवेक्षक’ के तौर पर चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा थे।

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के पुत्र रनिंदर ने 2010 में पहली बार एनआरएआई के अध्यक्ष बने थे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

पूजा पाठवार्षिक राशिफल 2026: सभी 12 राशियों का भविष्यफल, आपके करियर, व्यापार, स्वास्थ्य और निजी जीवन के लिए कैसा रहेगा नया साल

भारतNew Year 2026: किस देश में सबसे पहले मनाया जाता है नये साल का जश्न? जानें सबसे आखिरी में कौन सा देश नए साल का करता है स्वागत

क्रिकेटमेलबर्न क्रिकेट ग्राउंडः ‘बॉक्सिंग डे’ पर टूटे रिकॉर्ड, 94199 दर्शक पहुंचे, 2015 विश्व कप फाइनल के समय पहुंचे थे 93013, वीडियो

क्राइम अलर्टक्रिसमस में एक साथ शराब पी, झगड़ा होने पर दोस्त सौजन ने फ्रेंड रॉबिन थॉमस पर पत्थर से हमलाकर मार डाला

पूजा पाठMeen Rashifal 2026: शनि की वक्री चाल मीन राशिवालों कर सकती है परेशान, पढ़ें अपना वार्षिक राशिफल

अन्य खेल अधिक खबरें

अन्य खेलइंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन, आईबीए के साथ मिलकर भारतीय बॉक्सिंग को सशक्त बनाने की दिशा में करेगा काम

अन्य खेलLionel Messi In India: कोलकाता के बाद अब कहां जाएंगे लियोनेल मेस्सी? जानें फुटबॉल स्टार का अगला पढ़ाव

अन्य खेलLionel Messi's India Tour 2025: कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली इवेंट के लिए पूरा शहर-वार शेड्यूल चेक करें

अन्य खेलFootball World Cup 2026: यूएस ने वीजा देने से किया इनकार, ईरान फुटबॉल वर्ल्ड कप के ड्रॉ का करेगा बहिष्कार

अन्य खेलराष्ट्रमंडल खेल 2030 : भारत की नई उड़ान!