पटना: जनता दल यूनाइटेड के प्रमुख राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) बीते दो दिनों से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे पर हमलावर हैं। जदयू प्रमुख ललन सिंह का आरोप है कि 2024 में होने वाले आम चुनाव में वोटो का ध्रुवीकरण करने के लिए अमित शाह बिहार के सीमांचल का दौरा कर रहे हैं।
बीते शुक्रवार को अमित शाह ने पूर्णिया में आयोजित रैली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा पालने का आरोप लगाया था। अमित शाह ने सीएम नीतीश कुमार पर तीखा हमला करते हुए कहा था कि पीएम की गद्दी पाने के लिए वो लालू यादव की गोद में बैठ गये हैं और बिहार को फिर से जंगलराज की ओर ले जा रहे हैं।
अमित शाह के हमले से बिफरी जदयू ने आरोप लगाया कि अमित शाह बिहार में गफलत पैदा कर रहे हैं और भाजपा ध्रुवीकरण की राजनीति को बढ़ावा देने के लिए जनता में सांप्रदायिकता का जहर घोल रही है। आरोपों के क्रम में ललन सिंह ने एक वीडियो जारी करते हुए अमित शाह की फिर घेराबंदी की है और एक के बाद एक दो ट्वीट करते हुए जबरदस्त हमला किया है।
ललन सिंह ने अपने पहले ट्विट में कहा, "माननीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी, आपने श्री नीतीश कुमार जी के साथ साज़िश की है और महागठबंधन को तुड़वाया। अब फिर से सीबीआई द्वारा तेजस्वी यादव जी की जमानत रद्द करवाने की अपील करवाई गई है। सीबीआई को पालतू तोता बनाकर इसका दुरूपयोग करना बंद किजिए गृहमंत्री जी।"
वहीं दूसरे ट्वीट में ललन सिंह ने कहा, "झूठ बोलकर ताली बजाने की मांग करने वाले देश में अब तक के अनोखे माननीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी, बिहार और देश के लोगों को अब ठगना बंद किजिए। जिस देश का गृहमंत्री जुमलेबाज़ हो उस देश का भविष्य क्या होगा...! 2024 में भाजपा-मुक्त भारत बनकर रहेगा।"
मालूम हो कि बीते शुक्रवार को अमित शाह की पूर्णिया रैली संपन्न होने के बाद ललन सिंह ने जदयू दफ्तर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा था कि अमित शाह जी इस बात को अच्छे से समझ लें कि 2024 के लोकसभा चुनाव में बिहार 'भाजपा मुक्त भारत' केंद्र बनने जा रहा है।
उन्होंने कहा था कि बिहार में आकर वो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आलोचना कर रहे हैं लेकिन शायद वो इस बात को नहीं जानते हैं कि बिहार की धरती शुरू से ही परिवर्तन का केंद्र है और आने वाले आम चुनाव में यही बिहार भाजपा मुक्त भारत का केंद्र बनेगा। इसमें किसी को कोई दो राय नहीं होना चाहिए।
पूर्णिया रैली में अमित शाह द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर प्रधानमंत्री पद की महत्वाकांक्षा पालने का आरोप लगाने पर जदयू अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार कभी भी प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं होंगे। मैं इस बात को बार-बार दोहरा रहा हूं कि वह प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं हैं। वो तो देश में विपक्षी एकता को मजबूत करने और बिहार को भाजपा मुक्त भारत का केंद्र बनाने में लगे हुए हैं।