सावरकर ने कभी गाय को माता नहीं माना, उन्हें बीफ से कोई समस्या नहीं थी: दिग्विजय सिंह
By विनीत कुमार | Updated: December 25, 2021 18:19 IST2021-12-25T18:04:41+5:302021-12-25T18:19:22+5:30
दिग्विजय सिंह ने भोपाल में कांग्रेस के जन जागरण अभियान कार्यक्रम में कहा कि वीर सावरकर गाय को माता नहीं मानते थे और बीफ से उन्हें कोई दिक्कत नहीं थी।

दिग्विजय सिंह का भाजपा पर हमला (फाइल फोटो)
भोपाल: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने दावा किया है कि अगर भाजपा 2024 में चुनाव जीतकर फिर सत्ता में आती है तो वह संविधान को बदल देगी और आरक्षण को खत्म कर देगी। भोपाल में शनिवार को जन जागरण अभियान में अपने भाषण के दौरान दिग्विजय सिंह ने यह बात कही।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचारधारा से है। दिग्विजय ने साथ ही दोहराया कि हिंदुत्व का हिंदू धर्म से कोई लेना-देना नहीं है।
'गाय को माता नहीं मानते थे सावरकर'
दिग्विजय सिंह ने अपने भाषण में कहा, 'वीर सावरकर ने अपनी किताब में कहा था कि हिंदू धर्म का हिंदुत्व से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कभी गाय को 'माता' नहीं माना और उन्हें बीफ खाने से कोई दिक्कत नहीं थी।'
दिग्विजय सिंह ने कहा कि सावरकर की किताब में यह भी लिखा है कि गाय ऐसी पशु है जो खुद के मल में लोट लेती है, फिर वह माता कैसे हो सकती है। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह देश विविधता में एकता का देश है। यहां ऐसे भी हिंदू हैं जो गोमांस खाते हैं और कहते हैं कहां लिखा है कि गौमांस नहीं खाएं।
उन्होंने कहा, 'हमारी लड़ाई आरएसएस की विचारधारा से है। अगर बीजेपी 2024 में सत्ता में वापस आती है, तो वे पहले संविधान बदलेंगे और फिर आरक्षण खत्म करेंगे।' केंद्र के कथित अर्थव्यवस्था के कुप्रबंधन को उजागर करने के लिए कांग्रेस पार्टी ने 14 नवंबर को देशव्यापी आंदोलन कार्यक्रम 'जन जागरण अभियान' शुरू किया था।
बता दें कि राहुल गांधी भी हाल में हिंदुत्व और हिंदू की चर्चा कई भाषणों में करते आए हैं। राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि ‘हिंदुत्ववादी हमेशा नफरत और हिंसा फैलाते हैं’ और हिंदू समेत सभी समुदाय को इसकी कीमत चुकानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि भारत हिंसा के खिलाफ है और यह अब और नहीं होनी चाहिए।