उपेंद्र कुशवाहा ने तेजस्वी यादव पर किया कटाक्ष, कहा- वो बिहार को बर्बादी के रास्ते पर ढकेल देंगे
By एस पी सिन्हा | Updated: February 16, 2023 15:49 IST2023-02-16T15:48:32+5:302023-02-16T15:49:26+5:30
कुशवाहा ने अब कैबिनेट विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ-साथ राजद और उसके नेता तेजस्वी प्रसाद यादव पर तीखा हमला बोला है।

(फाइल फोटो)
पटना: जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा द्वारा लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के फैसले और राजद-जदयू के बीच हुई डील को लेकर सवाल उठाये जाने से राजनीतिक पारा चढ़ता ही जा रहा है। कुशवाहा ने अब कैबिनेट विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ-साथ राजद और उसके नेता तेजस्वी प्रसाद यादव पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि मेरी नीतीश कुमार से व्यक्तिगत कोई शिकायत नहीं है। लेकिन परेशानी इस बात पर है कि नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव को बिहार का भावी मुख्यमंत्री घोषित कर दिया है। तेजस्वी अगर मुख्यमंत्री बन गये तो बिहार बर्बाद हो जायेगा, पूरी तरह से डूब जायेगा। वे अपने पिता लालू यादव की तरह बिहार को बर्बादी के रास्ते पर ढकेल देंगे।
कुशवाहा ने कहा कि तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री बनने की बात से लालू राज की याद आती है। जिसे याद कर अति पिछड़े और लव कुश समाज के लोग कांप जाते हैं। गुरुवार को दिल्ली से पटना पहुंचे उपेंद्र कुशवाहा ने कैबिनेट विस्तार को नीतीश कुमार के बयान के हवाला देते हुए कहा कि यह साबित हो गया कि दोनों पार्टियों के बीच कुछ डील हुआ है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि कैबिनेट विस्तार पर फैसला तेजस्वी यादव लेंगे। जो बताता है कि अब कोई फैसला भी नीतीश कुमार खुद से नहीं ले पा रहे हैं। जबकि कैबिनेट विस्तार करना उनका अधिकार है। उनकी बातों के कहीं न कहीं डील की बात सही साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि मैं बिहार के लोगों और जदयू के उन लाखों कार्यकर्ताओं की आवाज उठा रहा हूं, जिन्होंने जंगलराज और कुशासन के खात्मे के लिए एक दशक से ज्यादा समय तक कुर्बानी दी।
उन्होंने कहा कि जदयू के कार्यकर्ता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में काम ही नहीं कर सकते। समता पार्टी का जन्म ही जंगलराज के विरोध में हुआ था। बाद में जदयू बना और उसका भी लक्ष्य बिहार से जंगलराज खत्म करना रहा। जब समता पार्टी बनी थी तो हमें लव-कुश समीकरण के वोटरों का साथ मिला। उसके बाद जंगलराज से त्रस्त अति पिछड़े समाज के लोगों और दूसरे वोटरों ने हमारा साथ दिया।
उन्हीं लोगों ने राजद के आतंक और कुशासन के खिलाफ संघर्ष किया और लंबे संघर्ष के बाद बिहार में नीतीश कुमार की सरकार बनी। आज भी मेरी अपनी कोई महत्वाकांक्षा नहीं है। लेकिन मैं बिहार के गरीबों- पिछड़ों के भविष्य को बर्बाद होते देख चुप नहीं बैठ सकता। कुशवाहा ने कहा कि उनके भाजपा में शामिल होने की बात पूरी तरह से गलत है। मुझे भाजपा में शामिल होने से बेहतर मरना मंजूर है। जहां तक भाजपा के साथ गठबंधन करने की बात रही, मैं फिलहाल जदयू का सदस्य हूं। अगर भविष्य में जदयू भाजपा के साथ जाने का फैसला लेती है तो मैं उस पर विचार करूंगा।