यूपी में छठे चरण में गोरखपुर समेत 57 सीटों पर मतदान, सीएम योगी ने डाला वोट; स्वामी प्रसाद मौर्य समेत आज ये बड़े नाम मैदान में
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: March 3, 2022 07:53 IST2022-03-03T07:41:31+5:302022-03-03T07:53:03+5:30
UP Election 2022: उत्तर प्रदेश में 403 विधानसभा सीटों पर सात चरणों में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में अब तक पांच चरणों में 292 सीटों पर मतदान हो चुका है।

यूपी चुनाव: सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में डाला अपना वोट (फोटो- एएनआई)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Election 2022) के छठे चरण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उम्मीदवारी वाले गोरखपुर सदर समेत 57 विधानसभा क्षेत्रों में आज मतदान हो रहे हैं। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। इस चरण में अम्बेडकरनगर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया और बलिया समेत 10 जिलों की कुल 57 सीटों पर मतदान हो रहे हैं।
इस चरण में एक करोड़ महिलाओं समेत करीब 2.15 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। ऐसे में आज 66 महिलाओं समेत कुल 676 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी आज सुबह मतदान शुरू होने से पहले गोरखपुर मंदिर में पूजा-पाठ किया और फिर वोट देने भी पहुंचे।
Uttar Pradesh CM Yogi Adityanath offers prayers at Gorakhnath Temple in Gorakhpur ahead of casting his vote for the 6th phase of #UttarPradeshElection2022pic.twitter.com/8r1DVGtMTT
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) March 3, 2022
यूपी चुनाव: छठे चरण में कई बड़े दिग्गजों की किस्मत का होगा फैसला
इस चरण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर सदर से, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह (बांसी), बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी (इटवा), पूर्व श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य (फाजिलनगर) और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू (तमकुही राज) से चुनाव मैदान में हैं।
इटवा सीट पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और सपा उम्मीदवार माता प्रसाद पांडेय मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी को मुकाबला दे रहे हैं। कुशीनगर जिले की पडरौना विधानसभा सीट से पिछली बार भाजपा से चुनाव जीते और करीब पांच वर्ष तक योगी सरकार में श्रम मंत्री रह चुके स्वामी प्रसाद मौर्य इस बार कुशीनगर की फाजिलनगर सीट से सपा के उम्मीदवार हैं जहां उनका मुख्य मुकाबला भाजपा के सुरेंद्र कुशवाहा से है।
राज्य के कृषि मंत्री और भाजपा उम्मीदवार सूर्य प्रताप शाही का देवरिया जिले की पथरदेवा सीट पर अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी सपा के ब्रह्माशंकर त्रिपाठी से मुकाबला है। इसके अलावा स्वतंत्र प्रभार के राज्यमंत्री श्रीराम चौहान (खजनी-गोरखपुर), राज्य मंत्री जयप्रकाश निषाद (रुद्रपुर-देवरिया) तथा पत्रकारिता से राजनीति में आये शलभ मणि त्रिपाठी (देवरिया) में भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं।
छठे चरण में अंबेडकरनगर जिले की कटेहरी विधानसभा सीट पर बसपा विधायक दल के नेता रह चुके लालजी वर्मा इस बार सपा के उम्मीदवार के तौर पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, इसी जिले की अकबरपुर विधानसभा सीट पर बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम अचल राजभर इस बार सपा के उम्मीदवार हैं।
गोरखपुर सदर समेत नौ विधानसभा क्षेत्रों को माना गया संवेदनशील
छठे चरण में मुख्यमंत्री की उम्मीदवारी वाले क्षेत्र गोरखपुर सदर समेत नौ विधानसभा क्षेत्रों को 'संवेदनशील' माना गया है। इसके अनुसार इनमें बांसी, इटवा, डुमरियागंज, बलिया सदर, फेफना, बैरिया, सिकंदरपुर और बांसडीह भी शामिल हैं।
छठे चरण के साथ प्रयागराज जिले के हण्डिया विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थल संख्या 311 पर पुनर्मतदान हो रहे हैं। यहां पांचवें चरण के तहत गत 27 फरवरी को हुए मतदान के बाद जरूरी दस्तावेज गुम हो जाने के कारण आयोग ने पुनर्मतदान कराने के निर्देश दिये हैं।
साल 2017 में इन 57 सीटों पर भाजपा का रहा था दमदार प्रदर्शन
साल 2017 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव के छठे चरण में इन 57 सीटों में 46 सीटें भाजपा और दो सीटें उसके सहयोगी दलों अपना दल (एस) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने जीती थी। हालांकि सुभासपा इस बार समाजवादी पार्टी से गठबंधन करके चुनाव लड़ रही है।
राज्य की 403 विधानसभा सीटों पर सात चरणों में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में अब तक पांच चरणों में 292 सीटों पर मतदान हो चुका है। सातवें चरण का मतदान 7 मार्च को है।