हम कहां जा रहे हैं?, अफवाह पर ध्यान मत दीजिए, नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सियासी कयासों पर लगाया विराम
By एस पी सिन्हा | Updated: September 16, 2025 16:50 IST2025-09-16T16:49:07+5:302025-09-16T16:50:13+5:30
चिराग पासवान ने कहा कि एनडीए में सीटों को लेकर बहुत जल्द और सहज तरीके से बंटवारा होगा।

file photo
पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव से पहले लोजपा(रा) प्रमुख एवं केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपने अगले सियासी कदमों को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर विराम लगाते हुए कहा कि विधानसभा का चुनाव एनडीए नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ेगी। उन्होंने कहा कि जब वे गठबंधन में शामिल हुए थे, तब उन्हें पहले से ही पता था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही होंगे। इसके बावजूद उन्होंने गठबंधन में आने का फैसला किया। चिराग पासवान ने यह भी स्वीकार किया कि उनकी पार्टी के लोग चाहते हैं कि वे मुख्यमंत्री बनें। लेकिन उन्होंने साफ कहा कि सिर्फ एक पार्टी की चाहत से कोई मुख्यमंत्री नहीं बन सकता, इसके लिए पूरे गठबंधन की सहमति जरूरी है। उन्होंने कहा कि 2025 में वे मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं, लेकिन 2030 और 2035 के लिए उन्होंने खुद को लक्ष्य तय किया है।
चिराग पासवान ने कहा कि एनडीए में सीटों को लेकर बहुत जल्द और सहज तरीके से बंटवारा होगा। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी सीटों की संख्या से ज्यादा क्वालिटी वाली सीट चाहती है ताकि जीत का स्ट्राइक रेट अच्छा रहे। उन्होंने कहा कि किस सीट से किसे उतारना है, इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। बस औपचारिक घोषणा बाकी है।
चिराग पासवान ने 2020 का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय बात नहीं बनी थी, इसलिए वे गठबंधन से बाहर हो गए थे। लेकिन इस बार सब कुछ साफ है और एनडीए एकजुट है। वहीं, महागठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बिहार आते हैं लेकिन मुख्यमंत्री पद के चेहरे पर कोई सहमति नहीं बनती।
उन्हें लगता है कि महागठबंधन के अंदरूनी खटपट चुनाव के दौरान और ज्यादा बढ़ जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि महागठबंधन को एनडीए की चिंता छोड़कर अपनी चिंता करनी चाहिए। वहीं, चिराग पासवान ने अपने पिता रामविलास पासवान को भी याद करते हुए कहा कि उनके पिता ने कभी किसी पार्टी के साथ चुनाव लड़कर बीच में गठबंधन तोड़कर सरकार नहीं बनाई थी। वे भी उसी रास्ते पर चलेंगे और जिस दल के साथ चुनाव लड़ेंगे, उसी के साथ रहेंगे।