अब तक 3500 महिलाओं ने बिना ‘मेहरम’ के हज किया: नकवी

By भाषा | Published: July 16, 2021 08:17 PM2021-07-16T20:17:25+5:302021-07-16T20:17:25+5:30

Till now 3500 women performed Haj without 'Mehram': Naqvi | अब तक 3500 महिलाओं ने बिना ‘मेहरम’ के हज किया: नकवी

अब तक 3500 महिलाओं ने बिना ‘मेहरम’ के हज किया: नकवी

नयी दिल्ली, 16 जुलाई केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को कहा कि अब तक करीब 3500 महिलाओं ने ‘मेहरम’ (पुरुष रिश्तेदार) के बिना हज किया है।

उन्होंने यह भी कहा कि कि भारत में 100 प्रतिशत डिजिटल हज व्यवस्था के कारण हज सब्सिडी के ख़त्म होने के बावजूद भारतीय हज यात्रियों पर गैर-जरूरी आर्थिक बोझ नहीं पड़ा है।

नकवी ने भारत, सऊदी अरब के राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने एवं भारत की आजादी के भी 75 वर्ष होने के अवसर पर जेद्दा (सऊदी अरब) में भारत के वाणिज्य दूतावास द्वारा आयोजित “अमृत महोत्सव” कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से सम्बोधित किया।

उन्होंने कहा कि हज यात्रा, भारत-सऊदी अरब के मजबूत द्विपक्षीय संबंधों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

नकवी ने कहा, ‘‘भारत संपूर्ण हज प्रक्रिया को 100 प्रतिशत डिजिटल, ऑनलाइन करने वाला दुनिया का पहला देश बना। डिजिटल, ऑनलाइन हज व्यवस्था से हज सब्सिडी ख़त्म होने के बावजूद हज यात्रियों पर कोई गैर-जरूरी आर्थिक बोझ नहीं पड़ा है और 2019 में भारत से रिकॉर्ड 2 लाख मुस्लिम बिना हज सब्सिडी के हज यात्रा पर गए।’’

अल्पसंख्यक कार्य मंत्री ने बताया, ‘‘2018 में भारतीय मुस्लिम महिलाओं के "मेहरम" (पुरुष रिश्तेदार) के साथ ही हज करने की बाध्यता को खत्म किया गया। भारत से मुस्लिम महिलाएं 2018 से बिना "मेहरम" के हज यात्रा पर जा रहीं हैं।अब तक लगभग 3500 महिलाओं ने बिना "मेहरम" हज यात्रा की है।’’

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री ने बिना ‘मेहरम’ के हज पर जाने वाली महिलाओं का जो आंकड़ा दिया वह साल 2018 और 2019 का है क्योंकि 2020 और 2021 में कोरोना वायरस महामारी के कारण भारत से हज यात्री हज के लिए नहीं जा सके।

नकवी ने हज के दौरान भारत के हज यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सऊदी अरब के शाह सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ और युवराज मोहम्मद बिन सलमान का धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत और सऊदी अरब, वैश्विक शांति, तरक्की और समृद्धि के आदर्शों को साझा करते हैं। दोनों देशों के नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों की नियमित द्विपक्षीय यात्राओं ने दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत किया है। अक्टूबर 2019 में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सऊदी अरब की यात्रा ने दोनों देशों के संबंधों को नयी ऊर्जा और ऊंचाई दी है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Till now 3500 women performed Haj without 'Mehram': Naqvi

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे