बिहार: तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर लगाया बिहार के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप
By एस पी सिन्हा | Updated: February 10, 2023 20:35 IST2023-02-10T20:34:42+5:302023-02-10T20:35:57+5:30
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा है कि पूर्णिया में महागठबंधन के सातों दलों के साथ रैली की जाएगी। रैली के माध्यम से लोगों को बताया जाएगा कि केंद्र सरकार क्षेत्रीय दलों को खत्म करने के विचार में है।

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (फाइल फोटो)
पटना: बिहार के पूर्णिया में 25 फरवरी को महागठबंधन की होने जा रही रैली को लेकर उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि पूर्णिया में महागठबंधन के सातों दलों के साथ हम लोग वहां पर आमसभा करने जा रहे हैं। जब अमित शाह यहां आए थे तभी हमने मुख्यमंत्री जी के साथ मिलकर तब ही यह तय कर लिया था कि हम लोग भी पूर्णिया के उसी मैदान से अपने रैली की शुरुआत करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार के साथ केंद्र सरकार सौतेला व्यवहार करती है। इस बार के बजट में भी बिहार को कुछ भी नहीं मिला है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि हम लोग वहां पर अपनी बात को लोगों के पास रखेंगे। यह बताने का काम करेंगे कि केंद्र सरकार क्षेत्रीय दलों को खत्म करने के विचार में है। यह लोग धर्म के नाम पर खेल करना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने अमित शाह के बिहार दौरे को लेकर कहा कि किसी को कोई रोक-टोक नहीं कर सकता है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के लोगों ने एक इंटरनल सर्वे कराया था। जिसमें यह रिपोर्ट आई है कि 40 लोकसभा सीटों में 37 लोकसभा सीट पर भाजपा हारने के कगार पर है। साथ ही 3 सीटें हैं, जहां कड़ा मुकाबला होगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा अगर अभी लोकसभा का चुनाव हो जाए तो यह तस्वीरें पूरी तरह साफ हो जाएंगी। तेजस्वी यादव ने कहा कि 2020 के विधानसभा चुनाव में हम लोग बस 12000 वोटों से पीछे रह गए थे। वहीं उपेंद्र कुशवाहा के सवालों पर तेजस्वी यादव ने कहा कि लोकतंत्र में मालिक जनता है। हमारा कोई बैर उपेंद्र कुशवाहा से नही हैं। कुशवाहा हमारे साथ आए थे तो हमने उनका सम्मान किया था। अब उनकी क्या राय है वो बोलते रहे, हमे पता है कि जनता मालिक है। जनता हमारे साथ है, जनता जो चाहे वही होगा।