स्वाति मालीवाल ने योगी आदित्यनाथ से बलात्कार पीड़िता को 25 लाख मुआवजा देने की मांग की
By भाषा | Published: December 6, 2019 05:44 AM2019-12-06T05:44:31+5:302019-12-06T05:44:31+5:30
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक बलात्कार पीड़िता को गुरुवार की सुबह पांच लोगों द्वारा कथित रूप से जला दिया गया था।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर बलात्कार पीड़िता को जलाने के दोषियों को तीस दिन के भीतर मौत की सजा देने की मांग की है।
पत्र में मालीवाल ने यह भी मांग की है कि नब्बे प्रतिशत तक जल गयी पीड़िता को सर्वोत्तम चिकित्सकीय उपचार मिलना चाहिए। स्वाति मालीवाल ने उत्तर प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि राज्य में प्रतिदिन अनेक जघन्य अपराध होने के बाद भी सरकार ‘गहरी नींद’ में है।
उन्होंने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से पीड़िता को 25 लाख रूपये का मुआवजा तत्काल देने और उसे परिवार समेत सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक बलात्कार पीड़िता को गुरुवार की सुबह पांच लोगों द्वारा कथित रूप से जला दिया गया था।