झारखंड: कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल आरपीएन सिंह, अविनाश पांडे को बनाया गया इंचार्ज
By सतीश कुमार सिंह | Published: January 25, 2022 07:01 PM2022-01-25T19:01:10+5:302022-01-25T19:27:52+5:30
उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के पडरौना राजघराने से ताल्लुक रखने वाले आरपीएन सिंह का पूरा नाम कुंवर रतनजीत प्रताप नारायण सिंह है।
नई दिल्लीः पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आरपीएन सिंह मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। करीब 32 साल तक कांग्रेस में रहे और विधायक से लेकर सांसद और केंद्रीय मंत्री तक का सफर तय करने वाले सिंह ने कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा सौंपा।
इस बीच कांग्रेस ने बड़ा बदलाव किया है। कांग्रेस ने आरपीएन सिंह के पार्टी से इस्तीफा देने के बाद मंगलवार को अपने वरिष्ठ नेता अविनाश पांडे को झारखंड के लिए महासचिव-प्रभारी नियुक्त किया। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, सोनिया गांधी ने पांडे को तत्काल प्रभाव से महासचिव और झारखंड का प्रभारी नियुक्त किया।
पांडे इससे पहले राजस्थान के लिए महासचिव-प्रभारी की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया और भाजपा में शामिल हो गए। वह अब तक कांग्रेस में राष्ट्रीय प्रवक्ता और झारखंड के प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे थे। सिंह ने भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की। सिंह के साथ ही कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता शशि वालिया और सचिव राजेंद्र अवाना ने भी भाजपा का दामन थामा।
Following RPN Singh's resignation, Congress appoints Avinash Pandey as General Secretary In-charge of Jharkhand
— ANI (@ANI) January 25, 2022
सिंह ने भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री व उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पडरौना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर वर्ष 1996, 2002 और वर्ष 2007 में जीत दर्ज की थी।