वंदे भारत ट्रेनों पर पत्थर फेंके जाने से रेलवे को अब 55 लाख रुपये से अधिक का नुकसान, रेलमंत्री ने दी जानकारी
By शिवेन्द्र कुमार राय | Published: July 26, 2023 07:21 PM2023-07-26T19:21:33+5:302023-07-26T19:23:04+5:30
रेलवे की तमाम कोशिशों के बाद भी वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की घटनाओं में कोई कमी नहीं आ रही है। 26 जुलाई, बुधवार को ही उत्तर प्रदेश के आगरा में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव हुआ। इसमें कोच के शीशे टूट गए। जानकारी पर आरपीएफ पहुंची तब तक शरारती तत्व भाग गए।

वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की घटनाओं में कोई कमी नहीं आ रही है
नई दिल्ली: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया है कि वंदे भारत ट्रेनों पर पत्थर फेंके जाने की घटनाओं से रेलवे को 2019 से अब 55 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। रेल मंत्री ने बताया कि पथराव की घटनाओं में शामिल रहने के मामले में 151 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। रेल मंत्री ने संसद को बताया कि अब तक किसी घटना में किसी यात्री की जान चले जाने या किसी यात्री के सामान की चोरी या उसे हुए नुकसान की कोई घटना सामने नहीं आई है।
रेल मंत्री ने कहा, ‘वंदे भारत ट्रेनों पर पथराव की कुछ घटनाएं सामने आई हैं। वर्ष 2019, 2020, 2021, 2022 और 2023 (जून तक) के दौरान, पथराव की घटनाओं में वंदे भारत ट्रेनों को हुई क्षति के कारण भारतीय रेलवे को 55.60 लाख रुपये का नुकसान हुआ।’ रेलमंत्री ने कहा कि यात्रियों और रेलवे की संपत्ति की सुरक्षा के लिए रेलवे संरक्षा बल (आरपीएफ) जिला पुलिस और प्रशासन के साथ ‘ऑपरेशन साथी’ चला रहा है।
बता दें कि रेलवे की तमाम कोशिशों के बाद भी वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की घटनाओं में कोई कमी नहीं आ रही है। 26 जुलाई, बुधवार को ही उत्तर प्रदेश के आगरा में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव हुआ। इसमें कोच के शीशे टूट गए। जानकारी पर आरपीएफ पहुंची तब तक शरारती तत्व भाग गए। घटना से यात्रियों में दहशत रही। यह गाड़ी संख्या 20171 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन कमलापति स्टेशन से निजामुद्दीन चलती है। मनिया और जादू स्टेशन के बीच अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पथराव कर दिया।
इससे पहले 19 जून को दिल्ली से देहरादून जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर मेरठ-मुजफ्फरनगर रेलवे ट्रैक के नारा जडोदा रेलवे स्टेशन से गुजरते समय ट्रेन पर पत्थरबाजी की गई थी। मई 2023 में केरल में वंदे भारत पर पत्थर फेंके गए थे। 26 फरवरी 2023 को मैसूर-चेन्नई वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी हुई थी। आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में गुदुर के पास भी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव हो चुका है। दरअसल ऐसा कोई राज्य नहीं है जहां रेलवे की इस खास ट्रेन पर पत्थर न फेंके गए हों। रेलवे ऐसी घटनाओं से परेशान है।