राहुल गांधी की इंडिया गठबंधन नेताओं के साथ बिहार के सासाराम से शुरू हुई मतदाता अधिकार यात्रा, भाजपा पर लगाया वोट चोरी का आरोप

By एस पी सिन्हा | Updated: August 17, 2025 15:32 IST2025-08-17T15:32:39+5:302025-08-17T15:32:39+5:30

राहुल गांधी ने कहा कि यह संविधान को बचाने की लड़ाई है। आज भाजपा संविधान को बिगाड़ने की कोशिश कर रही। जहां चुनाव होता है भाजपा जीतती है। एकजुट पोल हमारी जीत बताती है, लेकिन अचानक भाजपा जीत जाती है। 

Rahul Gandhi's Voter Rights Yatra started from Sasaram in Bihar with India Alliance leaders, accused BJP of vote theft | राहुल गांधी की इंडिया गठबंधन नेताओं के साथ बिहार के सासाराम से शुरू हुई मतदाता अधिकार यात्रा, भाजपा पर लगाया वोट चोरी का आरोप

राहुल गांधी की इंडिया गठबंधन नेताओं के साथ बिहार के सासाराम से शुरू हुई मतदाता अधिकार यात्रा, भाजपा पर लगाया वोट चोरी का आरोप

पटना: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को बिहार के सासाराम से अपनी बहुप्रतीक्षित ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ का आगाज किया। यात्रा की शुरुआत सुबह 11 बजे सासाराम के सुआरा हवाई अड्डा ग्राउंड से हुई। मतदाता अधिकार यात्रा से पहले राहुल गांधी ने माउंटेन मैन दशरथ मांझी को याद किया और उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान राहुल ने कहा कि उनका संघर्ष हमें याद दिलाता है कि अगर इरादे मजबूत हों तो कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। उन्होंने जनता से पूछा आपका मूड कैसा है? राहुल गांधी ने कहा कि यह संविधान को बचाने की लड़ाई है। आज भाजपा संविधान को बिगाड़ने की कोशिश कर रही। जहां चुनाव होता है भाजपा जीतती है। एकजुट पोल हमारी जीत बताती है, लेकिन अचानक भाजपा जीत जाती है। 

उन्होंने कहा कि जांच में पता चला निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र में 1 करोड़ नया मतदाता पैदा कर दिया। भाजपा को सारा नया वोट मिला जाता है। कर्नाटक जांच शुरू किया तो बड़ा खुलासा हुआ। एक विधानसभा में 1 लाख से ज्यादा वोट चोरी हुआ। राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र में जादू से एक करोड़ मतदाता हुआ पैदा। जहां भी नए मतदाता आए, वहां भाजपा की जीत हुई। भाजपा के नए मतदाताओं के वोट मिले। चुनाव आयोग ने वीडियो फुटेज नहीं दिखाया। 

उन्होंने कहा कि भाजपा अब लोकतंत्र को नहीं, बल्कि चुनावों की डकैती को आधार बनाकर सत्ता में बनी हुई है। लोकसभा हो या विधानसभा, भाजपा वोट चोरी करके जीत हासिल कर रही है। बिहार में भी एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के जरिए यही साजिश की जा रही है। लेकिन हम ऐसा होने नहीं देंगे। यह लड़ाई वोट के अधिकार और संविधान की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि महागठबंधन ऐसी किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देगा। यह बिहार है, यहां के लोग वोट के अधिकार की ताकत जानते हैं। अगर लोकतंत्र पर हमला होगा, तो सबसे पहले बिहार की जनता उसके खिलाफ खड़ी होगी। हम वोट चोरी को रोकेंगे और जनता का अधिकार वापस लाकर रहेंगे।

वहीं, सभा को संबोधित करते हुए बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सबसे पहले चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “यह आपके वोट की साधारण चोरी नहीं, बल्कि सीधी डकैती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहारियों को चूना लगाना चाहते हैं। लेकिन यह बिहार है, जहां चूना खैनी के साथ रगड़ा जाता है। बिहारी गरीब जरूर हैं, लेकिन यहां का बच्चा-बच्चा तीखी मिर्ची वाला काम करता है। हम किसी कीमत पर बेईमानी नहीं होने देंगे। 

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में इस से बड़ी विडंबना क्या होगी कि लोगों से उनके वोट डालने की और सरकार चुनने की आजादी छिनी जा रही है। हम आप सभी को आश्वस्त करते है कि आपकी वोट डालने की लड़ाई शिद्दत के साथ लड़ेंगे। इसी आवाज को मुखर करने और न्याय पाने के लिए हम आज से “मतदाता अधिकार यात्रा” शुरू कर रहे हैं। इस दौरान तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी घेरा और उन पर योजनाओं की नकल करने का आरोप लगाया। 

उन्होंने कहा कि हमने 1500 रुपये पेंशन बढ़ाने की घोषणा की, सरकार ने 1100 रुपये बढ़ा दिए। हमने डोमिसाइल, फ्री बिजली और फ्री एग्जाम फॉर्म की बात की, तो नीतीश सरकार ने हमारी घोषणाओं की चोरी कर ली। यह सरकार जनता के सपनों की भी नकल करती है। अपने भाषण में तेजस्वी यादव ने कांग्रेस नेतृत्व को विशेष सम्मान दिया। 

उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे हमारे अभिभावक हैं और राहुल गांधी मेरे बड़े भाई। राहुल गांधी ने मोदी सरकार की नाक में दम कर रखा है। यह यात्रा जनता के वोट अधिकार की रक्षा के लिए है। मैं राहुल जी और महागठबंधन के सभी नेताओं को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने बिहार की आवाज बनने का काम किया। यात्रा की शुरुआत में राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं ने जनता को संबोधित किया। इस दौरान राहुल गांधी सहित तमाम नेता खुली गाड़ी से यात्रा किया।

इस यात्रा को राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मंच पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, भाकपा-माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी और भाकपा-माकपा के नेता सहित अन्य नेता मौजूद थे।

वहीं, सासाराम के सुअरा मैदान में उमड़े जनसैलाब ने सभा स्थल को चुनावी रंगमंच बना दिया। भीड़ बार-बार “वोट चोर गद्दी छोड़” और “लोकतंत्र बचाओ” के नारे लगाती रही। जनसभा के दौरान लोगों ने जोरदार ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाए। राहुल गांधी इस यात्रा के पहले दिन सासाराम से औरंगाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों से मुलाकात की। 

यात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, और किसी को भी बिना अनुमति राहुल गांधी के पास जाने की अनुमति नहीं है। इस दौरान कांग्रेस के झंडों के साथ-साथ आरजेडी और अन्य सहयोगी दलों के झंडे भी लहराते दिखे, जो इंडिया गठबंधन की एकजुटता का स्पष्ट संदेश दे रहा था। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य आम जनता को उनके मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करना और कथित धांधली के खिलाफ एक मजबूत आवाज उठाना है। 

बता दें कि मतदाता अधिकार यात्रा, राहुल गांधी और अन्य इंडिया ब्लॉक नेताओं द्वारा मतदाता अधिकारों के बारे में जागरूकता बढ़ाने और कथित वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं के विरोध में एक अभियान है। राहुल की इस यात्रा में करीब 125 विधानसभा क्षेत्रों को सीधे तौर पर कवर करने की योजना है। 

यह यात्रा 16  दिनों तक चलेगी और बिहार के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरेगी। कुल मिलाकर, यह यात्रा 1300 किलोमीटर की दूरी तय करेगी, जिसके लिए इसे 30 अलग-अलग पड़ावों में बांटा गया है। इस दौरान गया, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, मधुबनी, दरभंगा, पश्चिम चंपारण और अन्य जिलों से होते हुए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव बिहार के 23 जिलों को कवर करेंगे। 

इस यात्रा के दौरान जनसभाओं और संवादों के जरिए मतदाताओं से सीधा संपर्क होगा। 16 दिनों की इस यात्रा के दौरान 20 और 25 अगस्त को ब्रेक के साथ राहुल बिहार की सड़कों पर जनता के बीच रहेंगे। वह कई जिलों में रात्रि विश्राम भी करेंगे। सासाराम से शुरू होने के बाद यह काफिला औरंगाबाद और गया जैसे महत्वपूर्ण शहरों से होते हुए सीमांचल के इलाकों की ओर बढ़ेगा। सीमांचल क्षेत्र में मुस्लिम बहुल आबादी है और यहां की राजनीतिक संवेदनशीलता को देखते हुए यह यात्रा काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यात्रा का समापन 1 सितंबर को बिहार की राजधानी पटना में एक भव्य कार्यक्रम के साथ होगा। 

इस समापन समारोह में इंडिया गठबंधन के सभी बड़े नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है, जो इसे आगामी चुनावों से पहले एक शक्ति प्रदर्शन का मौका देगा। औरंगाबाद के बभनडीहा स्पोर्ट्स ग्राउंड में रात में सभी नेताओं के रुकने की व्यवस्था की गई है।  नेताओं के ठहरने के लिए 32 वातानुकूलित कंटेनर की व्यवस्था की गई है।

Web Title: Rahul Gandhi's Voter Rights Yatra started from Sasaram in Bihar with India Alliance leaders, accused BJP of vote theft

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे