विवाह का प्रस्ताव ठुकराने पर व्यक्ति ने पुलिसकर्मी को गोली मारी

By भाषा | Published: November 24, 2020 10:23 PM2020-11-24T22:23:43+5:302020-11-24T22:23:43+5:30

Person shot policeman for rejecting marriage proposal | विवाह का प्रस्ताव ठुकराने पर व्यक्ति ने पुलिसकर्मी को गोली मारी

विवाह का प्रस्ताव ठुकराने पर व्यक्ति ने पुलिसकर्मी को गोली मारी

धार/बड़वानी, (मप्र) 24 नवंबर मध्यप्रदेश के धार जिले में विवाह का प्रस्ताव ठुकराने पर एक व्यक्ति ने 23 वर्षीय महिला पुलिस आरक्षक को कथित तौर पर गोली मार दी।

इसके बाद आरोपी ने कथित रूप से स्वयं को भी गोली मार ली। आरोपी और पीड़िता दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और उनका बड़वानी के अस्पताल में उपचार चल रहा है।

एक अधिकारी ने बताया कि घटना मंगलवार को धार के गड़कपुर चोकड़ी के पास हुई। विवाह के निमंत्रण पत्र बांटने के बाद बड़वानी की ओर जा रही आरक्षक को करण सिंह ठाकुर (26) ने कथित रूप से गोली मार दी। आरोपी ने आरक्षक की कार रोक कर उस पर कथित रूप से गोली दाग दी और इसके बाद कथित रूप से स्वयं की छाती पर भी गोली मार ली।

उन्होंने बताया कि आरोपी और महिला आरक्षक दोनों गंभीर रुप से घायल हो गये हैं और दोनों का बड़वानी के अस्पताल में उपचार चल रहा है।

खरगोन पुलिस रेंज के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) तिलक सिंह ने बताया कि राजगढ़ जिले में पदस्थ आरक्षक के गले में गोली लगी है और उसका ऑपरेशन किया जायेगा।

डीआईजी ने आरक्षक के हवाले से बताया कि उसने करण के साथ विवाह करने से इंकार कर दिया था, इसलिए करण उससे नाराज था।

धार जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार ने कहा कि आरोपी के खिलाफ भादंवि और शस्त्र अधिनियम की संबद्ध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Person shot policeman for rejecting marriage proposal

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे