लाइव न्यूज़ :

हमारे ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ अभियान ने दूसरे दलों को महिलाओं पर बात के लिये बाध्य किया : प्रियंका

By भाषा | Updated: December 19, 2021 20:42 IST

Open in App

रायबरेली (उप्र) 19 दिसंबर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्‍तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा ने रविवार को विपक्षी दलों पर महिलाओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी द्वारा “लड़की हूं लड़ सकती हूं” का नारा दिए जाने के बाद उन्होंने उनके बारे में बात करनी शुरू की।

वाद्रा ने कांग्रेस के महिला सशक्तीकरण महाअभियान के तहत रायबरेली के रिफार्म्स क्लब में आयोजित 'शक्ति संवाद' में कहा कि उनकी पार्टी की “एक छोटी पहल ने अन्य दलों को जगा दिया।”

कांग्रेस ने घोषणा की थी कि वह उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों में 40 प्रतिशत टिकट महिला उम्मीदवारों को देगी। महिला शक्ति को रेखांकित करने के लिये उसकी तरफ से दिए गए नारों में से “लड़की हूं लड़ सकती हूं” भी एक है।

उन्होंने कहा,‘‘ महिलाओं के लिए मेरी पहल का असर इतना हुआ कि अब सभी दल महिलाओं की बात करने लगे हैं, परसों प्रधानमंत्री भी सभा करने जा रहे हैं जिसमें सिर्फ महिलाओं को बुलाया है। अब सारी पार्टियां महिलाओं की बात करने लगी हैं। एक छोटी सी पहल से जितनी भी राजनीतिक पार्टियां हैं सब उठ गई हैं, सब जाग गई हैं।’’

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके रैली स्थल पर किए जाने वाले व्यापक तामझाम व टेलीप्रॉम्प्टर इस्तेमाल करने के लिये उन पर निशाना साधा।

वाद्रा ने कहा, “प्रधानमंत्री के जो कार्यक्रम हैं, वे बिल्कुल ऐसे हैं जैसे फिल्मों में सेट होते हैं, उस तरह से आयोजित होते हैं। प्रधानमंत्री बड़े बड़े श्लोक बोल रहे हैं, सबको लगता है याद होंगे, वहां वो टेलीप्रॉम्प्टर हैं, जो दिखा रहे हैं साफ-साफ कि प्रधानमंत्री पढ़ रहे हैं।”

उन्‍होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सरकारी संपत्तियों को अपने पूंजीपति मित्रों को बेचने का आरोप लगाते हुए कहा, “मोदी जी को पहली बार अपने राजनीतिक जीवन में लगा है कि महिलाओं के लिए कुछ करेंगे नहीं तो उनका वोट नहीं मिलेगा, इसलिए बड़ी बड़ी मीटिंग होने जा रही है और बसों में भरकर उसमें महिलाएं लाई जाएंगी। सब पीली साड़ियां पहनेंगी और फ‍िर प्रधानमंत्री भाषण देंगे।”

अपनी पार्टी के बारे में बात करते हुए प्रियंका ने कहा कि उन्होंने यहां कांग्रेस को ‘मजबूत’ किया है। उन्होंने जोर देकर कहा, “मुझे बताएं कि उत्तर प्रदेश में कौन सी पार्टी है जिसके 18,000 कार्यकर्ता पिछले डेढ़ साल में जेल गए हैं? वह कांग्रेस है।”

उन्होंने महिलाओं का आह्वान करते हुए उनसे एकजुट होकर देश की राजनीति की दशा बदलने को कहा।

उन्होंने कहा, “अगर सारी महिलाएं एकजुट हो जाएं कि हम देश की राजनीति बदलेंगे तो यह असंभव नहीं है। आप हमें शक्ति दीजिए, हम आपको शक्ति देंगे, जब हम मिलकर लड़ने के लिए खड़े हो जाएंगे तो कोई हमें रोक नहीं सकता।”

उन्होंने कहा, “अभी जो राजनीति चल रही है, नेता चुनाव के समय बड़ी-बड़ी घोषणाएं करते हैं और चुनाव खत्म होने के बाद उन्हें भूल जाते हैं। सांप्रदायिकता और जातिवाद की राजनीति...हमें विकास की राजनीति और भविष्य की राजनीति में शामिल होना चाहिए।”

उन्होंने महिलाओं को उनके भविष्य का मंत्र देते हुए कहा, “इस देश की सारी महिलाएं एकजुट होकर कहें कि हमें तुम ऐसी राजनीति दो, नहीं तो हम तुम्हें वोट नहीं देंगे तो आप बताओ कि कैसे नहीं बदलेगी इस देश की रा‍जनीति।”

‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ नारे के साथ कांग्रेस महासचिव ने महिलाओं को राजनीति में आगे आकर अपनी लड़ाई खुद लड़ने की प्रेरणा देते हुए कहा , 'हर तरफ महिला का शोषण हो रहा है, उसका अधिकार, उसका हक नहीं मिल रहा है।'

वाद्रा ने कांग्रेस के घोषणा पत्र की चर्चा करते हुए कहा, 'मेरे मन में आया कि महिलाओं के लिए कुछ करना है और सबसे बड़ी चीज क्या कर सकते हैं हम आपके लिए। हम आपको समझा सकते हैं कि आप अपनी शक्ति को पहचानो। हमने ये शक्ति विधान बनाया, यह महिलाओं के लिए घोषणा पत्र हैं। इसमें तमाम घोषणाएं हैं जो हम महिलाओं के लिए करना चाहते हैं, जो चीजें हम आपको सशक्त करने के लिए करना चाहते हैं।'

उन्होंने उन्नाव और हाथरस दुष्कर्म मामलों की चर्चा करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के कार्यकाल के दौरान महिलाओं का उत्पीड़न होने का आरोप लगाया।

ललितपुर में किसानों की कथित आत्महत्या पर उन्होंने कहा कि अगर किसान खुदकुशी करते हैं तो इसका बोझ महिलाओं, खासकर उनकी विधवाओं और बेटियों पर पड़ता है। उन्होंने कहा, “यह बार-बार देखा गया है, और महिलाओं को अत्याचारों का सामना करना पड़ रहा है।”

उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और सत्तारूढ़ भाजपा पर राजनीति के लिए धर्म का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया और कहा कि वे झूठ बोल रहे हैं और सच्चाई के रास्ते पर नहीं चल रहे हैं।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि उनकी पार्टी के नेता राहुल गांधी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि हिंदू धर्म सिखाता है कि लोगों को एक-दूसरे से प्यार करना चाहिए। लेकिन आरएसएस और भाजपा धर्म का इस्तेमाल राजनीति के लिए कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे सत्य के मार्ग पर नहीं चल रहे हैं

कांग्रेस महासचिव प्रियंका ने लखनऊ से रायबरेली आते समय चुरूवा बॉर्डर स्थित हनुमान मंदिर पर माथा टेका। वहां कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से उनका स्वागत किया। इसके बाद बछरावां, कुंदनगंज, हरचंदपुर, गंगागंज, मोटल चौराहा, सिविल लाइन में भी वाद्रा का स्वागत किया गया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

कारोबारBank Holidays next week: 8-14 दिसंबर के बीच 4 दिन बंद रहेंगे बैंक, देखें यहां पूरी लिस्ट

भारतGoa Club Fire: गोवा समेत दुनिया भर में नाइट क्लब की आग में जली कई जिंदगियां, जानें

भारतबिहार में जहां खून से लाल होती थी धरती, वहां फूलों की खेती से महक उठा है इलाका, लाखों कमा रहे हैं किसान

भारतUP: टॉफी ने ले ली दो साल के बच्चे की जान, गले में अटक गई थी टॉफी, दम घुटने से नहीं बच सका बच्चा

टीवी तड़काBigg Boss 19 Grand Finale: सनी लियोन, पावरस्टार पवन सिंह से लेकर कार्तिक-अनन्या तक, बिग बॉस के ग्रैंड फिनाले की बढ़ाएंगे शोभा

भारत अधिक खबरें

भारतAadhaar Biometric Lock: स्कैमर्स कभी नहीं कर पाएंगे आधार कार्ड का मिस यूज, मिनटों में लॉक करें अपना आधार

भारतAdventure Tourism Summit 2025: एडवेंचर टूरिज्म कार्यक्रम के लिए है कश्मीर, जानें क्या कुछ होगा खास

भारतबारिश की कमी से कश्मीर में गंभीर जलसंकट, सारा दारोमदार बर्फ पर टिका

भारतIndiGo Crisis: DGCA ने इंडिगो को भेजा नोटिस, प्लाइट्स कैंसिल का मांगा जवाब

भारतGoa Club fire: नाइट क्लब के ऑनर और मैनेजर के खिलाफ FIR दर्ज, अग्निकांड हादसे की जांच में जुटी पुलिस