Nitish Kumar Vs Rabri Devi: पति हटा तो आप मुख्यमंत्री बनीं?, आपका क्या?, सीएम नीतीश-राबड़ी देवी में नोकझोंक, देखें वीडियो
By एस पी सिन्हा | Updated: March 20, 2025 15:49 IST2025-03-20T15:47:48+5:302025-03-20T15:49:31+5:30
Nitish Kumar Vs Rabri Devi: राजद की ओर से विरोध के सुर कम नहीं हुए. राबड़ी देवी के नेतृत्व में यह विरोध हो रहा था।

file photo
पटनाः बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर गुरुवार को विधान परिषद के बाहर और भीतर विपक्षी सदस्यों ने जोरदार हंगामा किया। राज्य में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्ष द्वारा सवाल खड़े किए जाने के बाद सदन में दोनों के बीच काफी तीखी बहसबाजी हुई। विपक्ष के विधान पार्षदों ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सदन में नारेबाजी करते हुए वेल में आकर अपना प्रदर्शन किया। यहां तक कि राबड़ी देवी भी इस दौरान नारेबाजी करते नजर आई। विपक्ष ने एक युवती के हत्याकांड का मामला उठाया। इस दौरान मुख्यमंत्री खुद सदन में मौजूद थे। उन्होंने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि सरकार इसकी पूरी जांच सख्ती से करवा रही है। लेकिन राजद की ओर से विरोध के सुर कम नहीं हुए. राबड़ी देवी के नेतृत्व में यह विरोध हो रहा था।
वहीं विपक्ष के नारेबाजी और हंगामे के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आप लोगों से आग्रह है कि अपनी जगह बैठ जाइए। कहीं भी कुछ होता है तो कार्रवाई होती है। हालांकि इसके बाद भी विपक्ष के विधान पार्षदों का हंगामा जारी रहा। इसी दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राबड़ी देवी को निशाने पर लेते हुए कहा कि 'आपका क्या है?
पति का सस्पेंशन हुआ तो आपको मुख्यमंत्री बना दिया। घर का मामला था तो आपको बना दिया। वहीं, विपक्ष के नारेबाजी और प्रदर्शन के दौरान राजद के सदस्यों ने जब सभापति की तरफ देखते हुए 'चमचागिरी नहीं चलेगी' के नारे लगाए तो इस पर मंत्री विजय चौधरी ने गहरी आपत्ति जताई।
उन्होंने विपक्ष के इस नारेबाजी पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि विपक्ष के इस नारेबाजी पूरी कार्रवाई की वीडियो क्लिपिंग मंगाई जाए। उसे देखना चाहिए अगर विपक्ष ने आसन के बारे में 'चमचागिरी' शब्द कहा है तो यह घोर अपराध है। हालांकि, विधान पार्षद अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि 'चमचागिरी' शब्द आसन के बारे में कैसे कहा जा सकता है?
उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी को चमचागिरी शब्द से आपत्ति हुई तो इसके लिए खेद प्रकट किया जाता है। बाद में विपक्ष के सदस्यों ने कुछ समय के वॉक आउट भी किया। इससे पहले सदन के बाहर विरोधी दल की नेता राबड़ी देवी के नेतृत्व में विपक्ष के सदस्यों ने हाथों में पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और क्राइम कंट्रोल को लेकर सरकार से जवाब मांगा।
राबड़ी देवी ने कहा कि बिहार में गरीब लड़कियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन इस सरकार को इससे कोई मतलब नहीं है। सिर्फ कागजी खानापूर्ति की जा रही है और जमीन पर कोई काम नहीं किया जा रहा है। पूरे बिहार में महाजंगलराज हो गया है। भाजपा द्वारा नीतीश कुमार को शेर बताने पर राबड़ी ने कहा कि अगर नीतीश कुमार शेर हैं, तो बिहार की बेटियों की इज्जत बचाकर दिखाएं।