आइजोलः मिजोरम के लाई स्वायत्त जिला परिषद (एलएडीसी) के नव नियुक्त मुख्य कार्यकारी सदस्य (सीईएम) सी लालसावमजुआला ने बृहस्पतिवार को एक सत्र के दौरान विश्वास मत जीतकर अपना बहुमत साबित कर दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि इस जीत से पिछले साल दिसंबर में हुए चुनाव के खंडित परिणामों के बाद उत्पन्न प्रशासनिक अनिश्चितता का अंत हो गया है।
मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के नेता लालसावमजुआला ने मंगलवार को परिषद प्रमुख के रूप में शपथ ली थी। सदन में शक्ति परीक्षण में एमएनएफ और कांग्रेस के गठबंधन से बनी यूनाइटेड लेजिस्लेचर पार्टी (यूएलपी) ने स्पष्ट जनादेश प्रदर्शित किया। सीईएम ने बताया कि 15 सदस्यों ने उनके पक्ष में मतदान किया, जबकि नौ अन्य ने उनके खिलाफ वोट डाला।
लालसावमजुआला ने उन पर भरोसा जताने के लिए सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विपक्षी सदस्यों से राजनीतिक मतभेदों को भुलाकर सत्ताधारी दल के साथ सहयोग करने और एक स्थिर एवं प्रभावी प्रशासन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
मिजोरम में स्थित तीन एडीसी में से एक एलएडीसी है, जिसका गठन 1972 में संविधान की छठी अनुसूची के तहत लाई आदिवासी लोगों के लिए किया गया था। एलएडीसी में 25 निर्वाचित सदस्य और चार मनोनीत सदस्य होते हैं।