कासगंज हिंसा: मृतक के परिजनों को 20 लाख मुआवजा का ऐलान, आरोपियों पर रासुका लगाने की तैयारी
By ऐश्वर्य अवस्थी | Updated: January 29, 2018 08:43 IST2018-01-29T08:41:59+5:302018-01-29T08:43:16+5:30
सरकार ने हिंसा करने वालों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई का मूड बनाया है। वहीं इस मामले में कुछ अधिकारियों पर गाज भी गिर सकती है।

कासगंज हिंसा: मृतक के परिजनों को 20 लाख मुआवजा का ऐलान, आरोपियों पर रासुका लगाने की तैयारी
उत्तर प्रदेश के कासगंज में शुक्रवार (26 जनवरी) को दो समुदायों के बीच हुई हिंसा के बाद पूरे इलाके में तनाव का महौल बना हुआ है। दो गुटों के बीच शुरू हुए विवाद में एक छात्र की मौत हुई जिसके बाद इलाके में बिगड़ते हालात के बाद धारा 144 लागू की गई।
खबरों के अनुसार सरकार ने हिंसा करने वालों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई का मूड बनाया है। वहीं इस मामले में कुछ अधिकारियों पर गाज भी गिर सकती है। इनमें कासगंज एसपी सुनील कुमार का नाम भी बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि रविवार(28 जनवरी) को खुद सीएम योगी ने प्रमुख सचिव अरविंद कुमार व पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह के साथ बैठक करके घटना की जानकारी ली है।
मृतक के परिवार को मुआवजा
इस मामले में अब तक करीब 112 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल हालात सामान्य होने के साथ कुछ समय के लिए इलाके से कर्फ्यू को भी हटा दिया गया है। वहीं, यूपी के सीएम योगी आादित्यनाथ ने मृतक चंदन के परिवार को 20 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है। जबकि चंदन के परिवार ने मृतक को शहीद का दर्ज देने की मांग की है।
क्या है मामला
तिरंगा यात्रा के दौरान विवाद में एक युवक की हत्या के बाद भड़की हिंसा पर सुरक्षाबलों ने काफी हद तक काबू पा लिया है। शनिवार रात भी कई स्थानों पर आगजनी हुई। एक एंबुलेंस भी फूंक दी गई। उल्लेखनीय है तनाव के कारण शनिवार को कासंगज बाजार की ज्यादातर दुकानें बंद हैं। पुलिस ने मिलीजुली आबादी वाले इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। हिंसा में गोली चलने से मारे गये चंदन गुप्ता का शनिवार को अंतिम संस्कार किया गया। सांसद राजवीर सिंह ने वैश्य सभा के जिलाध्यक्ष की सीएम योगी आदित्यनात से फोन पर बात करायी, जिसके बाद गुप्ता के परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।