Karnataka Election 2023: विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने किया बड़ा बदलाव, पूर्व सांसद बीएन चंद्रप्पा को बनाया कार्यकारी अध्यक्ष
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: April 9, 2023 11:17 IST2023-04-09T10:11:37+5:302023-04-09T11:17:57+5:30
इससे पहले कर्नाटक कांग्रेस के प्रमुख डीके शिवकुमार ने कहा था कि वह एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नीचे काम करना पसंद करेंगे।

फोटो सोर्स: Twitter
Karnataka Assembly Election 2023: कर्नाटक में विधानसभा चुनाव होने से पहले कांग्रेस ने पार्टी में एक बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने बीएन चंद्रप्पा को तत्काल प्रभाव से कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।
BN Chandrappa appointed as Working President of the Karnataka Pradesh Congress Committee, with immediate effect: Congress pic.twitter.com/UxuayGUJdL
— ANI (@ANI) April 9, 2023
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस बारे में जानकारी दी है। बता दें कि कांग्रेस ने यह कदम तब उठाया है जब कर्नाटक में करीब एक महीने बाद विधानसभा चुनाव होने वाले है। इससे पहले डीके शिवकुमार ने कहा था कि वह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अधीन भी काम करने के लिए तैयार है। डीके शिवकुमार के इस बयान के बाद कांग्रेस में इसकी चर्चा होने लगी कि आखिर डीके शिवकुमार द्वारा ऐसा बयान क्यों दिया गया है।
चुनाव से चंद दिन पहले बीएन चंद्रप्पा हुए कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त
कर्नाटक विधानसभा चुनाव से महज चंद दिनों पहले कांग्रेस ने रविवार को बीएन चंद्रप्पा को अपनी प्रदेश इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चंद्रप्पा को कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अगुवा डी के शिवकुमार हैं।
एक कार्यकारी अध्यक्ष के निधन के बाद बीएन चंद्रप्पा को मिली थी जगह
बता दें कि चंद्रप्पा की नियुक्ति आर ध्रुवनारायण के स्थान पर की गई है, जिनका पिछले महीने निधन हो गया था। कांग्रेस कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए अब तक 142 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। बीएन चंद्रप्पा एक अनुसूचित जाति के नेता है और वे पूर्व सांसद भी रह चुके है।
कांग्रेस कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से सत्ता हथियाने की जी-तोड़ कोशिश कर रही है। दक्षिण भारत में कर्नाटक एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां भाजपा सत्ता में है। कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को चुनाव होंगे। वहीं, नतीजों की घोषणा 13 मई को की जाएगी।
भाषा इनपुट के साथ