Karnataka Assembly Elections 2023: येदियुरप्पा ने कहा, "जगदीश शेट्टर 'धोखेबाज' हैं"
By आशीष कुमार पाण्डेय | Updated: April 17, 2023 19:26 IST2023-04-17T13:08:42+5:302023-04-17T19:26:29+5:30
कर्नाटक में कांग्रेस का दामन थामने वाले जगदीश शेट्टर पर हमला करते हुए बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि जगदीश शेट्टर बताएं कि भाजपा हमने उनके साथ क्या अन्याय किया है? मैं शेट्टर से पूछना चाहता हूं कि क्या कांग्रेस ने उन्हें मुख्यमंत्री का पद दिया था।

फाइल फोटो
बेंगलुरु: कर्नाटक चुनाव से पहले अपनों की बेवफवाई भाजपा के लिए बेहद तकलीफदेह साबित हो रही है। पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर ने जिस तरह से भाजपा को नमस्ते किया और कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे के हाथों गले में कांग्रेस का पटका पहना। उससे एक बात स्पष्ट हो गई है कि भाजपा के लिए कर्नाटक की लड़ाई बेहद कांटों भरी रहने वाली है। 224 सदस्यी कर्नाटक विधानसभा में टिकट बंटवारे को लेकर सत्ताधारी पार्टी में जिस तरह की भगदड़ मची है, वह शायद भाजपा के लिए भी बेहद अप्रत्याशित नजर आ रही है।
यही कारण है कि कर्नाटक भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने जगदीश शेट्टर के साथ भाजपा की सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे लक्ष्मण सावदी को लेकर बेहद तीखा हमला बोला और उन्हें 'धोखेबाज' करार दिया है। कर्नाटक चुनाव में भाजपा की कमान संभाले येदियुरप्पा ने बीते रविवार को जगदीश शेट्टर के कांग्रेस में जाने की खबर और लक्ष्मण सावदी के कांग्रेस में शामिल होने पर कहा कि दोनों नेताओं ने भाजपा को धोखा देने का काम किया है।
कर्नाटक में बीएस येदियुरप्पा को लिंगायत समुदाय का सबसे बड़ा नेता माना जाता है, जिसकी करीब 17 फीसदी जनसंख्या है। लेकिन दिलचस्प यह है कि भाजपा से अपनी पारंपरिक हुबली-धारवाड़ विधानसभा सीट से टिकट मांगने वाले जगदीश शेट्टर भी लिंगायत समुदाय से आते हैं।
दिल्ली में जेपी नड्डा के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के साथ मीटिंग के बावजूद भाजपा ने शेट्टर को टिकट देने से इनकार कर दिया तो उन्होंने भाजपा आलाकमान से बगावत कर दी। इसके बाद कांग्रेस चुनावी अभियान समिति के अध्यक्ष एमबी पाटिल और दावणगेरे दक्षिण सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे शमनूर शिवशंकरप्पा ने शेट्टर से बात करके उन्हें कांग्रेस की शामिल करा दिया।
कांग्रेस के इस सियासी समीकरण से अब भाजपा समेत येदियुरप्पा को भय सता रहा है कि कांग्रेस जगदीश शेट्टर के बल पर लिंगायत समुदाय के वोटबैंक में सेंधमारी कर सकती है, जो अब तक भाजपा का सबसे मजबूत और सत्ता के तख्त पर बैठाने वाला वोटबैंक माना जाता है और इस कारण से येदियुरप्पा पर विशेष दबाव है।
येदियुरप्पा ने शेट्टर की वफादारी पर सवाल खड़ा करते हुए कहा, "शेट्टर बताएं कि हमने उनके साथ क्या अन्याय किया है? शेट्टर को लोग भाजपा के कारण जानते हैं। मैं शेट्टर से पूछना चाहता हूं कि वह कांग्रेस में क्यों शामिल हुए। क्या कांग्रेस ने उन्हें मुख्यमंत्री का पद दिया था।"
इसके साथ ही येदियुरप्पा ने जोर देकर कहा कि भाजपा ने शेट्टर को राजनीति से संन्यास लेने के लिए नहीं कहा था। उन्होंने कहा, 'क्या उन्हें क्या नहीं दे रहे थे। भाजपा ने शेट्टर को राज्यसभा सीट देने की बात कही, उन्हें केंद्रीय मंत्री का पद देने की बात कही गई और साथ में उनके परिवार के सदस्य को विधानसभा के टिकट की भी पेशकश की गई थी। लेकिन बावजूद इसके उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता लेकर वह अक्षम्य अपराध किया है, जिसे लोग माफ नहीं करेंगे।”
येदियुरप्पा ने कांग्रेस पर सीधा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस लिंगायत नेता जगदीश शेट्टर और सावदी को भाजपा के खिलाफ हमला करने के लिए तैनात करेगी लेकिन भाजपा ऐसे सभी हमलों का मुकाबला करने के लिए तैयार है।
येदियुरप्पा ने लक्ष्मण सावदी को आड़े हाथ लेते हुए कहा, "उन्हें 2018 में अथानी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने ही मौका दिया था, वो चुनाव हार गये। हारने के बाद भी हमने उन्हें एमएलसी बनाया, उन्हें सहकारिता मंत्री बनाया। यहां तक की डिप्टी सीएम बनाया बावजूद इसके सावदी ने भाजपा को धोखा दिया है लेकिन कर्नाटक की जनता सबकुछ देख रही है और वो 10 मई को इन लोगों का हिसाब-किताब करेगी।"