जमशेदपुर: देश के अलग-अलग हिस्सों में रामनवमी जुलूस के दौरान हिंसा और पथराव की सूचना ने प्रशासन महकमे में हड़कंप मचा दिया है। पश्चिम बंगाल और बिहार में बवाल के बाद अब झारखंड में रामनवमी जूलुस के दौरान हिंसा की खबर सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, झारखंड में जमशेदपुर के हल्दीपोखर इलाके में शुक्रवार को रामनवमी विर्सजन जुलूस पर हमला किया गया है। जुलूस में शामिल लोगों पर पथराव किया गया, जिसमें कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
आरोप है कि हल्दीपोखर इलाके में जुलूस के दौरान अज्ञात बदमाशों ने भीड़ पर पथराव कर दिया और 5 लोग इसमें घायल हो गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार शाम को हुई जब लोगों के एक समूह ने रामनवमी के जुलूस का विरोध किया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, समूह विरोध के जवाब में हिंदू श्रद्धालुओं ने 'हनुमान चालीसा' का पाठ किया। इसके तुरंत बाद समूह द्वारा विसर्जन जुलूस पर पत्थरों से हमला किया गया। घटना के बाद, जमशेदपुर के हल्दीपोखर इलाके में कानून व्यवस्था को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी को तैनात किया गया था।
देश में कई जगहों पर भड़की हिंसा
गौरतलब है कि देश में रामनवमी के अवसर पर सिर्फ झारखंड ही नहीं देश के कई अन्य राज्यों में भी हिंसा भड़कने से लोगों के घायल होने की सूचना है। जानकारी के अनुसार, झारखंड से सटे बिहार, पश्चिम बंगाल के हावड़ा, गुजरात के वडोदरा, महाराष्ट्र के संभाजीनगर में भीड़ पर पथराव और हिंसक झड़पें हुईं।
इन स्थानों पर जगह-जगह पत्थरबाजी और आगजनी की गई। ऐसे में स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस ने इलाके में सुरक्षाव्यवस्था काफी कड़ी कर दी है। कई जगहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।