लाइव न्यूज़ :

जनरल बिपिन ने पाकिस्तान को दी चेतावनी, शत्रुतापूर्ण कृत्यों के खिलाफ कड़े कदम उठाने में बिल्कुल नहीं हिचकेंगे

By भाषा | Updated: January 16, 2019 05:35 IST

सेना दिवस पर यहां दिल्ली छावनी में आयोजित समारोह में सैनिकों को संबोधित करते हुए सेना प्रमुख ने कहा कि चीन से लगी सीमा पर अमन चैन बनाये रखने के लिए प्रयास जारी हैं। सीमा पर पहरा दे रहे जवान भारत के हितों से कोई समझौता नहीं होने देंगे।

Open in App

सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने मंगलवार को पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि भारत उसके शत्रुतापूर्ण कृत्यों के खिलाफ कड़े कदम उठाने में हिचकेगा नहीं। साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सेना नियंत्रण रेखा पर दुश्मनों को ‘‘करारा जवाब’’ दे रही है और उन्हें भारी नुकसान पहुंचा रही है।

सेना दिवस पर यहां दिल्ली छावनी में आयोजित समारोह में सैनिकों को संबोधित करते हुए सेना प्रमुख ने कहा कि चीन से लगी सीमा पर अमन चैन बनाये रखने के लिए प्रयास जारी हैं। सीमा पर पहरा दे रहे जवान भारत के हितों से कोई समझौता नहीं होने देंगे।

सेना की आधुनिकीकरण की योजना पर उन्होंने कहा कि बल में बड़े स्तर पर नवीनीकरण की शुरूआत हो रही है। इसके अलावा मिसाइल, टैंक और एम-777 तथा के9 होवित्जर समेत अन्य शस्त्र शामिल किये जा रहे हैं।

जनरल रावत ने अपने भाषण में जम्मू कश्मीर के हालात की विस्तार से चर्चा की और कहा कि भारत की पश्चिमी सीमा से लगने वाला पड़ोसी देश अब भी आतंकवाद का समर्थन कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे बल नियंत्रण रेखा पर दुश्मनों को मुंह तोड़ जवाब दे रहे हैं। उन्हें भारी नुकसान पहुंच रहा है। मैं सीमा पार अपने दुश्मनों को चेतावनी दे रहा हूं कि हम किसी भी शत्रुतापूर्ण कृत्य के खिलाफ कड़े कदम उठाने में हिचकेंगे नहीं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि जम्मू-कश्मीर में सीमा पर मनोबल ऊंचा बना रहे।’’ जनरल रावत ने कहा कि भारतीय सेना ने राज्य में आतंकवादियों को भारी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में युवकों को आतंकित कर हथियार हाथ में लेने को मजबूर किया जा रहा है।

सेना प्रमुख ने पाकिस्तान की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘हम नहीं चाहते कि जम्मू-कश्मीर के लोग परेशान हों। हमारा पड़ोसी देश इन चीजों में लिप्त है। हमारा पड़ोसी देश आतंकवादियों को प्रशिक्षण और हथियार देता है, जिसे विश्व स्तर पर सरकार प्रायोजित आतंकवाद कहा जाता है।’’ चीन के साथ लगी सीमा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत और चीन ने अपनी सेनाओं के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जनरल रावत ने कहा, ‘‘पूर्वी सीमा पर शांति और सौहार्द बनाए रखने के प्रयास जारी है। लेकिन हम स्थिति की समीक्षा करते रहेंगे। हमारे सैनिक पूर्वी क्षेत्र में सीमा की निगरानी में कोई समझौता नहीं होने देंगे।’’ साथ ही उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सरकार द्वारा दिए आदेशों का कठोरता से पालन किया जाएगा।

पूर्वोत्तर की स्थिति पर बात करते हुए सेना प्रमुख ने कहा कि क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है और सेना नियमित रूप से उग्रवाद विरोधी अभियान चला रही है। उन्होंने सैनिकों और उनके परिवार वालों से सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने में सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि इसका इस्तेमाल कट्टरता फैलाने के लिए किया जा रहा है।

सेना की पिरामिड संरचना की आलोचना पर सेना प्रमुख ने कहा, ‘‘हमारे लिए वीआईपी केवल जवान हैं जो नियंत्रण रेखा पर दुश्मनों का सामना करते हैं।’’ जनरल रावत ने नौसेना और वायु सेना के साथ सामंजस्य पर भी बात की। उन्होंने कहा, ‘‘युद्ध की स्थिति में हम नौसेना और वायुसेना के साथ मिलकर निर्णायक जीत हासिल करेंगे।’’ 

उन्होंने कहा कि सेना का व्यापक स्तर पर आधुनिकीकरण किया जा रहा है। सेना प्रमुख ने कहा, ‘‘आगामी वर्षों में देश के समक्ष मौजूद सुरक्षा चुनौती और जटिल होगी। हमें अपनी लड़ाकू क्षमता को बढ़ाते रहना होगा ताकि हम अपने दुश्मनों को हरा सकें। मैं भरोसा दिलाता हूं कि हम देश की जनता के भरोसे को कायम रखेंगे।’’ 

दिव्यांग पेंशन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वह इसमें विसंगतियों को समाप्त करने पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने इस मौके पर 15 सेना पदक भी प्रदान किये जिनमें पांच मरणोपरांत दिये गये।

भारतीय सेना हर वर्ष 15 जनवरी को सेना दिवस मनाती है। 1949 में इसी दिन सेना की कमान जनरल (बाद में फील्ड मार्शल) के एम करियप्पा ने अंतिम ब्रिटिश कमांडर-इन-चीफ, जनरल सर एफआरआर बुशर से अपने हाथ में ली थी।

टॅग्स :बिपिन रावतपाकिस्तान
Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेट"यह तेरा काम है?": बांग्लादेश के लिटन दास के साथ मोहम्मद रिज़वान की तीखी नोकझोंक | VIDEO

विश्वईरान युद्ध के बीच रक्षा समझौते के तहत पाकिस्तान ने सऊदी में अपने 8,000 सैनिक और जेट किए तैनात

विश्वतेहरान में 90 मिनट तक बैठक?, अमेरिका-इजराइल के साथ टकराव के बीच पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के साथ उच्च स्तरीय वार्ता

भारत'पाकिस्तान को तय करना होगा भूगोल में रहना है या इतिहास बनना है' सेना प्रमुख

विश्वआज मानवता के सामने अनेक बड़ी चुनौतियां, पहले कोरोना आया, फिर युद्ध और अब energy crisis?, पीएम मोदी ने कहा- ये आपदाओं का दशक, वीडियो

भारत अधिक खबरें

भारतPM मोदी और मेलोनी की वायरल सेल्फी से फिर चर्चा में आया रोम का कोलोसियम

भारतडिप्लोमेसी, डिनर और कोलोसियम की सैर; पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी की यादगार मुलाकात, देखें इटली दौरे की खास झलकियाँ

भारतPharmacy Strike Today: आज बंद रहेंगी दवा दुकानें! आज देशव्यापी हड़ताल पर रहेंगे दवा विक्रेता, मरीजों की बढ़ सकती है परेशानी

भारतWeather Today: आज बाहर निकलने से पहले देख लें वेदर अपडेट! दिल्ली में हीटवेव तो बेंगलुरु में बारिश की संभावना

भारतईमानदारी के अभाव में शातिर बन जाती है समझदारी