जश्न-ए-आजादी: लालकिले की प्राचीर से पीएम मोदी का 82 मिनट का संबोधन, बोले- एक भारत नया बनाना है!

By आदित्य द्विवेदी | Published: August 15, 2018 07:22 AM2018-08-15T07:22:45+5:302018-08-15T08:59:46+5:30

साल 2014 में भाजपा की अगुवाई में एनडीए के सत्ता में आने के बाद से यह उनका पांचवां संबोधन है। ऐसे में पूरे देश की निगाहे उनके इस कार्यकाल के अंतिम भाषण पर टिकी हुई हैं। जानें 72वें स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी के भाषण की लाइव अपडेट्स...

Independence Day 2018: PM Narendra Modi Speech Lal qila Live News Updates in Hindi | जश्न-ए-आजादी: लालकिले की प्राचीर से पीएम मोदी का 82 मिनट का संबोधन, बोले- एक भारत नया बनाना है!

जश्न-ए-आजादी: लालकिले की प्राचीर से पीएम मोदी का 82 मिनट का संबोधन, बोले- एक भारत नया बनाना है!

नई दिल्ली, 15 अगस्तः भारत आज अपना 72वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। इस मौके पर पूरे देश में जश्न-ए-आजादी का माहौल है। देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ राजधानी दिल्ली में मुख्य जश्न मनाया जा रहा है। लालकिले पर मनाए जा रहे जश्न में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद पीएम मोदी ने तिरंगा झंडा फहराया। अब वो राष्ट्र को संबोधित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सफेद कुर्ता-पायजामा और केसरिया पगड़ी धारण किए हुए हैं। साल 2014 में भाजपा की अगुवाई में एनडीए के सत्ता में आने के बाद से यह उनका पांचवां संबोधन है। ऐसे में पूरे देश की निगाहे उनके इस कार्यकाल के अंतिम भाषण पर टिकी हुई हैं। जानें 72वें स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी के भाषण की लाइव अपडेट्स...

- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालकिले में तिरंगा झंडा लहराया। इसके बाद राष्ट्रगान गाया गया। इस मौके पर सत्ता और विपक्ष के कई गणमान्य नेता और स्कूली बच्चे मौजूद रहे। इसके बाद पीएम मोदी ने भाषण की शुरुआत की।

-  मेरे प्यारे देशवासियों! आज देश आत्मविश्वास से भरा हुआ है। आजादी का ये पर्व हम तब मना रहे हैं जब हमारी बेटियों ने सात समंदर पार किया और सातों समंदर को तिरंगे रंग से रंगकर हमारे बीच लौट आई हैं।

- अभी लोकसभा और राज्यसभा की कार्रवाई पूरी हुई। संसद के दोनों सत्र सामाजिक न्याय को समर्पित थे। उनके हक की रक्षा करने के लिए हमारी संसद ने काम किया। सालों से अटकी ओबीसी आयोग की मांग को संसद ने पूरा किया।

- मैं आज आजादी के वीर सेनानियों को हृदय से नमन करता हूं। जिस तिरंगे की आन-बान शान हमें मरने की प्रेरणा देता है। उसके लिए देश के जवान अपने प्राणों की आहुति दे देते हैं। मैं सभी सेना, अर्धसैनिक बलों, पुलिस के जवानों को तिरंगे झंडे की छाया में लालकिले की प्राचीर से नमन करता हूं।

- इन दिनों देश के अलग-अलग कोने से अच्छी वर्षा की खबरें आ रही हैं तो बाढ़ की भी खबरें हैं। बाढ़ से जिन्हें मुसीबतें झेलनी पड़ी हैं। देश पूरी शक्ति से उनके साथ खड़ा है। मैं उनके दुख में सहभागी हूं। 

- अगली वैशाखी जलियांवाला बाग नरसंहार को 100 वर्ष हो रहे हैं। ये हमारे देश के वीरों के त्याग और बलिदान का संदेश देती है। मैं सभी वीरों को आदरपूर्वक नमन करता हूं।

- हमारा संविधान हमें कहता है कि गरीबों को न्याय मिले। सभी को आगे बढ़ने का अवसर मिले। सभी वर्गों को आगे बढ़ने में कोई अड़चन ना आए। 

- जब सवा सौ करोड़ देशवासियों की भागीदारी होती है तो क्या कुछ नहीं हो सकता। मैं आज बड़ी नम्रता और आदर से कहना चाहता हूं कि 2014 में इस देश के नागरिकों ने सिर्फ सरकार बनाकर रुके नहीं है। बल्कि वे देश बनाने के लिए जुटे भी हैं। मैं समझता हूं यही हमारे देश की ताकत है।

- श्री अरविंद ने कहा था- राष्ट्र कोई जमीन का टुकड़ा नहीं है, ना ही ये सिर्फ संबोधन है, ना कोरी कल्पना, राष्ट्र एक विशाल शक्ति है जो असंख्य छोटी-छोटी इकाइयों को संगठित ऊर्जा का रूप देती है।

- अगर हम पुरानी रफ्तार से चलते तो शत-प्रतिशत शौचालय ना पहुंचा पाते। अगर उसी रफ्तार से बिजली पहुंचाते तो शायद एक दशक और लग जाते। अगर 2013 की रफ्तार से चलते तो एलपीजी पहुंचाने में 100 साल लग जाते। अगर 2013 की रफ्तार से ऑप्टिकल फाइबर लगाते तो पीढ़िया निकल जाती। देश की अपेक्षाएं और आवश्यकताएं बहुत हैं। 

- हमारे देश का किसान इन दिनों आधुनिकता और वैज्ञानिकता की तरफ बढ़ रहा है तो दूसरी तरफ सिंचाई के बंद पड़े प्रोजेक्ट चला रहा है। संकट से घिरे मानव की मदद के लिए पहुंच जाती है। वही सेना सर्जिकल स्ट्राइक भी करती है।

- जीएसटी सब चाहते थे लेकिन निर्णय नहीं हो पाते थे। आज देश के छोटे-छोटे व्यापारियों की मदद से देश ने जीएसटी लागू कर दिया है। शुरू में कठिनाइयां आने के बाद भी उसे स्वीकार किया।

- मेरे देश के जवान तीन-चार दशक से वन रैंक वन पेंशन की मांग कर रहे थे। लेकिन कोई नहीं सुन रहा था। हमने उसे पूरा किया। हम कड़े फैसले लेने की हिम्मत रखते हैं।

- भारत की छोटी-बड़ी चीज़ों पर विश्व बड़ी गहराई से नजर रखता है। 2014 से पहले दुनिया के गणमान्य लोग हमारे देश के लिए क्या कहा करते थे कि हिंदुस्तान की इकॉनोमी रिस्क से भरी है। लेकिन आज वहीं संस्थाएं आज विश्वास के साथ कह रही हैं कि यहां मौके हैं। कैसा बदलाव आ गया है। पहले रेड टेप की बात होती थी और आज रेड कारपेट की बात हो रही है।

- आज देश में सिर्फ एक ही आवाज आ रही है- रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म। आज दुनिया कह रही है कि आज भारत मल्टी बिलिनय डॉलर के इन्वेस्टमेंट का डेस्टिनेशन बन गया है।


- मेरे प्यारे देशवासियों, आज अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत की साख बढ़ी है। आज हिंदुस्तान की बात सुनी जा रही है। दुनिया के मंचों में हमने अपनी आवाज बुलंद की है। आज देश को विश्व की अनगिनत संस्थाओं में हमें स्थान मिला है। आज भारत पर्यावरण की चिंता करने वालों के लिए अगुवाई कर रहा है। आज दुनिया में कहीं पैर रखता है तो वो देश स्वागत करने के लिए लालायित रहता है। भारत के पासपोर्ट की ताकत बढ़ गई है। विश्व में कहीं पर भी अगर मेरा हिंदुस्तानी संकट में है तो उसे भरोसा है कि मेरा देश मेरे पीछे खड़ा है।

- विश्व में भारत की तरफ देखने का नजरिया बदला है उसी तरह देश में भी। नॉर्थ ईस्ट को लेकर जिस तरह की खबरें आ रही थी लेकिन अब नॉर्थ ईस्ट देश को प्रेरणा दे रहा है। आज नॉर्थ ईस्ट में रेलवे, हाईवे, वाटरवे, एयरवे की खबरें आ रही हैं। एक समय नॉर्थ ईस्ट को लगता है दिल्ली बहुत दूर है लेकिन हमने दिल्ली को नॉर्थ ईस्ट के दरवाजे पहुंचा दिया है।

- हमने 13 करोड़ लोगों को मुद्रा लोन दिया तो आज व्यवसाय कर रहे हैं। आज देश में इंफ्रास्ट्रक्चर के नए रूप लिए हैं। हमारे देश के वैज्ञानिकों ने देश का नाम रोशन करने में कोई कमी नहीं रखी।

- आज इस लालकिले की प्राचीर से देशवासियों को एक खुशखबरी सुनाना चाहता हूं। जब आजादी के 75 साल होंगे तब मां भारत का कोई संतान वे अंतरिक्ष में जाएँगे। हाथ में तिरंगा झंडा लेकर जाएंगे। अब हम मानव सहित गगन यान लेकर चलेंगे। तब विश्व के अंदर हम चौथे देश बन जाएंगे। मैं देश के वैज्ञानिकों को हृदय से बधाई देता हूं।

- हमारा देश आज अन्न के भंडार से भरा हुआ है। मैं देश के किसानों को, खेतिहर मजदूरों को देश में कृषि क्रांति को आगे बढ़ाने के लिए बधाई देता हूं। लेकिन अब वक्त बदल चुका है।

- हमने राष्ट्रपति जी का देश के नाम संबोधन सुना। उन्होंने विस्तार से बताया कि कैसे ग्राम स्वराज गांवों तक पहुंचा है। चार साल पहले जब इसी लालकिले की प्राचीर से स्वच्छता की बात की थी। पूज्य बापू ने अपने जीवन में आजादी से ज्यादा महत्व स्वच्छता पर दिया है। गांधी जी ने सत्याग्रही तैयार किए थे और उनके प्रेरणा ने स्वच्छाग्रही तैयार किए हैं। पूज्य बापू की 150 सालगिरह में हम उनके सपनों को पूरा करेंगे।

- ये सही है कि स्वच्छता ने तीन लाख लोगों की जिंदगी बचाया है। लेकिन कितना भी मध्यम वर्ग का सुखी परिवार क्यों ना हो, लेकिन अगर एकबार घर में बीमारी आ जाए तो पूरा परिवार बीमार हो जाए। देश के सामान्य जन को आरोग्य की सुविधा मिले। भारत सरकार ने प्रधानमंत्री जन आरोग्य अभियान तय किया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत देश के 10 करोड़ परिवार को यानी पचास करोड़ नागरिकों को पांच लाख रुपया सालाना स्वास्थ्य बीमा देने की योजना है। आज 15 अगस्त को इसके लिए टेक्नोलॉजी की टेस्टिंग शुरू हो रही है। इसे फूलप्रूफ बनाने की दिशा में प्रयास चल रहा है। 25 सितंबर को पूरे देश में प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना लॉन्च कर दिया जाएगा।

- पिछले दो वर्ष में भारत में पांच करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। 

- सरकारी दफ्तर में 6 करोड़ लाभार्थी ऐसे थे जो कभी पैदा ही नहीं हुए। लेकिन उनके नाम से पैसे जा रहे थे। इनके नाम निकालना कितना कठिन काम रहा होगा। इस सरकार ने इसको रोका है। भ्रष्टाचार काला-धन रोकने की दिशा में महने काम किया। 90 हजार करोड़ रुपया गलत लोगों के हाथ में चले जाते थे जो देश को सामान्य मानवी की भलाई के लिए काम आ रहे हैं।

- बाजार में गेहूं की कीमत 24-25 रुपये है। जबकि राशन कार्ड के जरिए 2 रुपये में गरीब तक पहुंचाती है। चावल बाजार में 30-32 रुपया है लेकिन राशन कार्ड से 3 रुपये में पहुंचाती है। इसी कारण फर्जी नाम से कारोबार चलता था। इस पर सख्ती हुई है। 

- मैं आज विशेष रूप से देश के ईमानदार करदाताओं से कहना चाहता हूं कि आपके पैसों से जो योजनाओं से पुण्य मिलता है वो सरकार को नहीं, टैक्सपेयर को मिलता है। जब आप खाना खा रहे हैं उसी समय तीन गरीब परिवार खाना खा रहे हैं।

- देश में डायरेक्ट टैक्स दाताओं की संख्या 4 करोड़ थी वो अब बढ़कर करीब आठ करोड़ हो गई है। अब देश ईमानदारी की राह पर चल पड़ा है।

- भ्रष्टाचार पर समझौता नहीं किया जाएगा। हमने आईटी टेक्नोलॉजी का उपयोग किया है।

- भारतीय सेना में शॉर्ट सर्विस कमीशन के माध्यम से चुनी गई महिलाओं को पुरुष अधिकारियों के बराबर रैंक देने की घोषणा करता हूं। सरपंच से लेकर संसद तक देश की महिलाएँ देश के विकास के लिए योगदान दे रही हैं।

- हमने बलात्कारियों के लिए फांसी प्रावधान किया है। राक्षसी प्रवृत्तियों की मानसिकता वालों को भय होना चाहिए। हमारे लिए रूल ऑफ लॉ सुप्रीम है। किसी को कानून हाथ में लेने का हक नहीं दिया जा सकता।

- नॉर्थ ईस्ट में जो ऑफ्सा तीन-चार दशकों से लगा हुआ था। आज कई वर्षों के बाद त्रिपुरा और मेघालय आर्म्ड फोर्सेस स्पेशल पॉवर एक्ट से मुक्त हो गए हैं। नक्सलवाद आज देश को रक्तरंजित कर रहे हैं लेकिन आज वो लगातार घट रहा है।

- अटल बिहारी वाजयेपी ने  जम्मू-कश्मीर में हमें रास्ता दिखाया है। इंसानियत, जम्हूरियत और कश्मीरियत। हम गोली और गाली के रास्ते पर नहीं, गले लगाकर आगे बढ़ना चाहते हैं।

- मैं बेसब्र हूं अपने देश को सबसे आगे ले जाने के लिए। मैं बचैन हूं हमारे देश के बच्चों के विकास में कुपोषण से मुक्त करने के लिए। मैं व्याकुल हूं ताकि गरीब तक समूची हेल्थ कवर प्राप्त हो। मैं व्यघ्र हूं क्योंकि मैं अपने नागरिकों को समान अवसर देना चाहता हूं। मैं अधीर हूं क्योंकि मैं आईटी में देश की अगुवाई चाहता हूं। मैं आतुर हूं क्योंकि देश हर क्षेत्र में देश की अगुवाई करे।

- मेरे प्यारे देशवासियों! 

अपने मन में एक लक्ष्य लिए
मंजिल अपनी प्रत्यक्ष लिए
हम तोड़ रहे हैं जंजीरें
हम बदल रहे हैं तस्वीरें
ये नवयुग है, ये नवभारत है
खुद लिखेंगे अपनी तकदीर
हम बदल रहे हैं तस्वीर।

हम निकल पड़े हैं प्रण करके
अपना तन-मन अर्पण करके
जिद है एक सूर्य उगाना है
अंबर से ऊंचा जाना है
एक भारत नया बनाना है।।

एकबार फिर आजादी के पावन पर्व पर अनेक शुभकामनाएं देते हुए जय हिंद!


स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली में सुरक्षा के अभेद इंतजाम किए गए । वहीं, पुलिस ने लाल किले के आसपास के इलाकों में स्वतंत्रता समारोह की समाप्ति तक पतंग उड़ाने पर भी रोक लगाई है। दिल्ली की सीमाओं को सील किया गया है मेट्रो स्टेशनों की पार्किंग को खाली करा लिया गया है। लगभग 70 हजार पुलिसकर्मी तैनात हैं। पिछले साल, प्रधानमंत्री जब स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित कर रहे थे तो एक काली पतंग मंच के सामने आकर गिरी थी।

Web Title: Independence Day 2018: PM Narendra Modi Speech Lal qila Live News Updates in Hindi

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे